
रूंगटा ग्रीन होम्स में 5100 दीपों से जगमगाया परिसर, प्रधानमंत्री मोदी का जन्मोत्सव उत्साह से मनाया
सूरत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मोत्सव के अवसर पर गोडादरा स्थित रूंगटा ग्रीन होम्स सोसाइटी में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सोसाइटी परिसर में 5100 दीप प्रज्वलित किए गए और भारत माता के जयकारों के साथ जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया।
कार्यक्रम में डीसीपी कानन देसाई एवं गोडादरा पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर गोहिल विशेष रूप से उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन के सहयोग एवं मार्गदर्शन से कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सोसाइटी की मातृशक्ति ने विशेष उत्साह दिखाते हुए फूलों की आकर्षक रंगोली एवं सुंदर सजावट की। नन्हें बच्चों सहित बड़ी संख्या में सोसाइटीवासियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
आयोजन को सफल बनाने में पंकज शर्मा, राजकुमार शर्मा, नारायण रावल, मनीष लाखोटिया, मनोज लाखोटिया, मोतीलाल सोनी एवं प्रकाश मंत्री सहित सोसाइटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर टीम विक्रम के सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
आयोजकों ने कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों, सोसाइटी की मातृशक्ति, बच्चों एवं समस्त निवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और राष्ट्रभावना को मजबूत करने का माध्यम हैं।



