
सूरत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सूरत में नमो जन सेवा कल्याण समिति की ओर से विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत करीब 1,500 विद्यार्थियों को कुल 10 करोड़ रुपए की शिक्षा सहायता दी जाएगी। वहीं 500 गंगास्वरूप महिलाओं को 50 हजार रुपए तक की सहायता प्रदान की जाएगी।
समिति के अनुसार जिन विद्यार्थियों के परिवार में आय का नियमित स्रोत नहीं है, जिनकी माता विधवा हैं अथवा जो प्रतिभाशाली विद्यार्थी हैं, उन्हें शिक्षा जारी रखने में आर्थिक परेशानी न हो, इसके लिए यह सहायता दी जाएगी।
चिकित्सा और राशन सहायता भीगंगास्वरूप महिलाओं को दी जाने वाली सहायता में एक वर्ष की चिकित्सा सेवा के लिए 12 हजार रुपए, अन्य सहायता के लिए 14,400 रुपए तथा 20 हजार रुपए की अनाज किट शामिल है। सेवा अभियान के तहत 200 लोगों की आंखों का नि:शुल्क ऑपरेशन स्वामी विवेकानंद आरोग्य मंदिर के सहयोग से कराया जाएगा। जरूरतमंदों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं और कैंसर जांच शिविर भी आयोजित होंगे।
कैंसर मरीजों के लिए 25 बेड का केयर सेंटर
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के तीसरे और चौथे चरण के कैंसर मरीजों के लिए नमो संवेदना केयर सेंटर में 25 बेड की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मरीजों को दवा, भोजन और रहने की सुविधा सहित सेवाएं नि:शुल्क दी जाएंगी। इसके अलावा बुजुर्गों के लिए दैनिक टिफिन और जरूरतमंद परिवारों को राशन सहायता भी दी जाएगी।
17 सितंबर को मुख्य कार्यक्रम
मुख्य कार्यक्रम 17 सितंबर को शाम 5 से 7 बजे तक रामचौक, मोटा वराछा स्थित किरण हॉस्पिटल-2 ग्राउंड में होगा। आयोजकों के अनुसार डायमंड हॉस्पिटल की ओर से ओपीडी और डिलीवरी सेवा भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में कथाकार रमेशभाई ओझा, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटील, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया, वल्लभ लखाणी और पूर्व गृहमंत्री गोरधन झड़फिया सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। अभियान में ग्रीनलैब डायमंड, आशादीप स्कूल, जे. एकलैरा, राजहंस ग्रुप और एसएचजी ग्रुप सहयोग कर रहे हैं।



