
Surat News: साईराम टेक्सटाइल मार्केट में 12 घंटे बाल मजदूरी, 4 हजार रुपए महीने में कराते थे काम; 6 बच्चे मुक्त
Ring Road के साईराम टेक्सटाइल मार्केट में AHTU की कार्रवाई
सूरत। सूरत के सलाबतपुरा थाना क्षेत्र में बाल मजदूरी के खिलाफ एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। रिंग रोड स्थित साईराम टेक्सटाइल मार्केट की एक साड़ी की दुकान पर छापा मारकर पुलिस ने छह नाबालिग बच्चों को बाल मजदूरी से मुक्त कराया। बच्चों की उम्र 8 से 15 वर्ष के बीच बताई गई है। मामले में पुलिस ने बच्चों से मजदूरी कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
सुबह 9 से रात 9 बजे तक कराया जाता था काम
एएचटीयू को सूचना मिली थी कि साईराम टेक्सटाइल मार्केट की पहली मंजिल स्थित दुकान नंबर 550 में नाबालिग बच्चों से काम कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा। यहां छह बच्चे मजदूरी करते हुए मिले, जिन्हें तत्काल रेस्क्यू किया गया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी लालसिंग नाथुसिंग खरवड़ बच्चों से रोजाना सुबह करीब 9 बजे से रात 9 बजे तक, यानी लगभग 12 घंटे तक काम करवाता था। इसके बदले प्रत्येक बच्चे को करीब 4 हजार रुपए प्रतिमाह मेहनताना दिया जाता था।
छह बच्चों को बाल आश्रम भेजा
कार्रवाई के बाद रेस्क्यू किए गए सभी छह बच्चों को आगे की काउंसिलिंग और संरक्षण के लिए वीआर पोपावाला बाल आश्रम, कतारगाम भेज दिया गया। वहीं आरोपी को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए सलाबतपुरा पुलिस थाने को सौंप दिया गया।
आरोपी के खिलाफ इन धाराओं में मामला
पुलिस ने आरोपी लालसिंग नाथुसिंग खरवड़, निवासी सीतारामा सोसायटी, पुणा, के खिलाफ बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम-1986 की धारा 3, 7 और 14(1) तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम-2015 की धारा 79 के तहत कार्रवाई की है।



