सूरत

इंडियन इंडस्ट्रियल फेयर में छाएगा सूरत, औद्योगिक इकाइयां लेंगी भाग

उद्यमियों ने दी सहमति, 23 से 26 अक्टूबर तक गांधीनगर में होगा आयोजन

सूरत। इंडियन इंडस्ट्रियल फेयर में सूरत की औद्योगिक इकाइयों की भागीदारी बढ़ाने को लेकर फोस्टा कार्यालय में लघु उद्योग भारती सूरत महानगर टीम एवं उद्यमियों की विशेष बैठक हुई। बैठक में फेयर में अधिक से अधिक औद्योगिक इकाइयों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।

लघु उद्योग भारती के राजस्थान-गुजरात प्रभारी एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बलदेव प्रजापति और गुजरात प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर पटेल के सूरत प्रवास के दौरान आयोजित बैठक में स्टीम हाउस, इशिका फैशन, अमर क्रिएशन, गोरी इंपेक्स, मंत्रा, वीतराग फैशन, हैनी टैक्स, शिवाय क्रिएशन और केसरिया टेक्सटाइल कंपनी ने फेयर में भाग लेने की सहमति दी।

23 से 26 अक्टूबर तक गांधीनगर के हेलीपैड ग्राउंड में फेयर का आयोजन होगा। इसमें देशभर से उद्योग जगत के उद्यमियों और प्रतिनिधियों के शामिल होने के साथ करीब 3 से 5 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। फेयर को लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए उत्पादों के प्रदर्शन, नए बाजार तलाशने, व्यापारिक संपर्क बढ़ाने और कारोबार विस्तार के अवसर उपलब्ध कराने वाला महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है।

बैठक में फोस्टा अध्यक्ष एवं कर्णावती संभाग उपाध्यक्ष हंसराज जैन, मंत्री राजेंद्र चौधरी, फोस्टा महामंत्री दिनेश कटारिया, मंत्रा डायरेक्टर पंकज गांधी, लघु उद्योग भारती सूरत अध्यक्ष रामावतार पारीक, महामंत्री सतीश सवानी, जॉइंट सेक्रेटरी पंकज शर्मा, उपाध्यक्ष रमेश राठी, विनोद सारस्वत, शीशपाल रातूसरिया, इकाई अध्यक्ष ओमप्रकाश कुमावत, हरि ओम स्वामी सहित अन्य पदाधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे।

पदाधिकारियों ने सूरत के अधिक से अधिक उद्यमियों से फेयर में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सूरत का उद्योग जगत गुणवत्ता, नवाचार और मेहनत के माध्यम से देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राष्ट्रीय स्तर के ऐसे आयोजनों से सूरत के उद्यमियों को नए बाजार और व्यापार विस्तार के अवसर मिलेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button