गुजरातसूरत

सूरत में मशालों के साथ निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा’, विकसित भारत के संकल्प का दिया संदेश

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटील बोले- प्रधानमंत्री मोदी का ‘विकसित भारत’ का संकल्प जनआंदोलन बन रहा

सूरत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सुशासन और समर्पित जनसेवा की यात्रा के उपलक्ष्य में बुधवार को सूरत के पीपलोद स्थित वाई जंक्शन पर ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटील की मौजूदगी में सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। इसके बाद गणमान्य लोगों ने हाथों में मशाल लेकर उत्साहपूर्वक यात्रा में भाग लिया।

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटील ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुशासन यात्रा के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक उन्होंने 25 वर्षों तक राज्य और देश की सेवा की है। उनके नेतृत्व में देश का हर नागरिक विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और ‘विकसित भारत’ का संकल्प अब जनआंदोलन का रूप ले रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ सेवा की भावना को विकास के संकल्प से जोड़ने और जनभागीदारी को विकास की शक्ति बनाने की पहल है। वर्ष 2014 में देश में निराशा का माहौल था, तब नरेंद्र मोदी के रूप में देश को नई उम्मीद मिली। प्रधानमंत्री ने लोगों की अपेक्षाओं से भी अधिक कार्य कर समग्र विकास की नई परिभाषा, गुणवत्ता और गति साबित की है।

पाटील ने कहा कि युवा, महिला, गरीब और किसान सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए योजनाएं बनाकर उन्हें आर्थिक सहायता देने और आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री के ‘We will do it यानी हम यह करके दिखाएंगे’ के मंत्र के साथ सभी से विकास यात्रा में योगदान देने का आह्वान किया।

शहर भाजपा अध्यक्ष परेश पटेल ने कहा कि सूरत से प्रज्ज्वलित हुई विकास ज्योति को तालुका और गांवों तक पहुंचाकर ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक संबोधन का सीधा प्रसारण देखा और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए ‘विकसित भारत’ की सामूहिक शपथ ली।

इस अवसर पर सांसद मुकेश दलाल, राज्यसभा सांसद गोविंदभाई धोलकिया, महापौर मायाबेन मावाणी, जिला पंचायत अध्यक्ष समीर मोदी, विधायकगण, जिला कलेक्टर तेजस परमार, मनपा आयुक्त राजकुमार बेनीवाल, पुलिस आयुक्त वाबांग जमीर, उप महापौर डॉ. सुधाकर चौधरी, स्थायी समिति अध्यक्ष राजन पटेल, सत्तापक्ष नेता अल्पाबेन मेहता, पदाधिकारी, पार्षद, उद्योगपति, समाजसेवी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button