गुजरातसूरत

दिवाली पर सूरत से 1600 से ज्यादा अतिरिक्त बसें चलेंगी, घर जाने वालों को मिलेगी राहत

4 से 7 नवंबर तक सौराष्ट्र, उत्तर गुजरात और पंचमहल के लिए विशेष बसें, पूरी बस बुक कराने पर सोसायटी से मिलेगी सुविधा

सूरत। दिवाली के त्योहार पर अपने वतन जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम (एसटी) सूरत विभाग की ओर से 4 से 7 नवंबर तक 1600 से अधिक अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। सौराष्ट्र, उत्तर गुजरात, पंचमहल सहित विभिन्न जिलों के लिए विशेष बसों का संचालन होगा। यात्रियों की मांग बढ़ने पर अतिरिक्त बसें भी उपलब्ध कराई जाएंगी। यह जानकारी उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने सूरत सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दिवाली के दौरान सूरत से बड़ी संख्या में लोग अपने गांव और वतन जाते हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एसटी निगम ने विशेष व्यवस्था की है। उन्होंने नागरिकों से कम किराए में सुविधाजनक और व्यवस्थित यात्रा के लिए अग्रिम बुकिंग कराने की अपील की।

सोसायटी से सीधे गांव तक बस

पूरी बस की ग्रुप बुकिंग कराने वाले यात्रियों को ‘एसटी आपके द्वार’ योजना के तहत उनकी सोसायटी से सीधे वतन तक बस की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा, सूरत में रोजगार के लिए दूसरे राज्यों से आए श्रमिकों और यात्रियों के लिए भी अग्रिम बुकिंग के आधार पर बसों की व्यवस्था करने की तैयारी है।

अतिरिक्त बसों का संचालन शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक किया जाएगा। ग्रुप बुकिंग सूरत सेंट्रल बस स्टेशन और अडाजण बस पोर्ट स्थित सूरत सिटी डिपो से कराई जा सकेगी।

अलग-अलग स्थानों से होगा संचालन

सौराष्ट्र जाने वाली अतिरिक्त बसें वराछा रोड स्थित धारुका कॉलेज के मैदान से रवाना होंगी। दाहोद, गोधरा, झालोद और पंचमहल की बसें सेंट्रल बस स्टेशन के सामने स्थित सिटी स्टैंड और रामनगर से संचालित की जाएंगी।

वहीं, यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 8 से 15 नवंबर (लाभ पांचम) तक वडोदरा और अहमदाबाद के लिए अतिरिक्त बसें सूरत सेंट्रल बस स्टेशन से चलाई जाएंगी।

प्रमुख शहरों का किराया

एसटी निगम की ओर से घोषित किराए के अनुसार, सूरत से अमरेली का किराया 455 रुपए, सावरकुंडला 480 रुपए, भावनगर 395 रुपए, महुवा 460 रुपए, राजकोट 435 रुपए, जूनागढ़ 500 रुपए, जामनगर 505 रुपए और ऊना 540 रुपए निर्धारित किया गया है।

इसी तरह अहमदाबाद का किराया 320 रुपए, पालनपुर 410 रुपए, दाहोद 350 रुपए, झालोद 360 रुपए, लुणावाड़ा 325 रुपए और गोधरा का किराया 305 रुपए रहेगा। यात्रियों को यात्रा से पहले निर्धारित स्थान से बस के संचालन और बुकिंग की जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button