
85 इंच लंबे बालों से सूरत की केयुरी ने बनाया रिकॉर्ड, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ नाम
7.08 फीट लंबे काले बालों के लिए मिला ‘आईबीआर अचीवर’ सम्मान, परिवार और शहर में खुशी की लहर
सूरत। शहर की केयुरी प्रफुल्लभाई गोल ने अपनी अनूठी उपलब्धि से सूरत सहित गुजरात का नाम रोशन किया है। अपने लंबे और खूबसूरत काले बालों के लिए केयुरी को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स 2026 में गौरवपूर्ण स्थान मिला है। उन्हें इस उपलब्धि के लिए ‘आईबीआर अचीवर’ के सम्मान से नवाजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केयुरी के बालों की लंबाई 85 इंच यानी लगभग 7.08 फीट है। उनके बालों की असाधारण लंबाई को देखते हुए इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने 9 सितंबर, 2026 को इस उपलब्धि को आधिकारिक रूप से प्रमाणित किया।
इस उपलब्धि के लिए केयुरी को सम्मान पत्र, मेडल, विशेष पेन और वर्ष 2026 की आधिकारिक रिकॉर्ड बुक प्रदान की गई। उनकी इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं, सूरत शहर के लोगों और परिचितों की ओर से भी उन्हें बधाइयां मिल रही हैं।
केयुरी की यह उपलब्धि उनकी विशिष्ट पहचान के साथ सूरत के लिए भी गर्व का विषय बन गई है।



