सूरत

परिजनों को वार्डों के चक्कर से मिलेगी मुक्ति, न्यू सिविल में डिजिटल व्यवस्था लागू

किडनी बिल्डिंग के सभी वार्ड और आईसीयू में लागू हुआ सेंट्रलाइज्ड वार्ड मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर

सूरत। न्यू सिविल अस्पताल में मरीजों की देखभाल और उनके स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी परिजनों तक तेजी से पहुंचाने के लिए डिजिटल पहल की गई है। स्वास्थ्य मंत्री प्रफुलभाई पानशेरिया के मार्गदर्शन में अस्पताल में कॉर्पोरेट अस्पतालों की तर्ज पर ‘सेंट्रलाइज्ड वार्ड मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर’ शुरू किया गया है। इससे मरीजों के परिजनों को अब एक ही डेस्क से मरीज की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार संबंधी जानकारी मिल सकेगी।

मंगलवार को अस्पताल की किडनी बिल्डिंग के सभी वार्ड और आईसीयू में इस सुविधा का विधिवत शुभारंभ किया गया। मेट्रन नीरजाबेन और सिस्टम मैनेजर मनीष यादव के सुझाव पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पारुल वडगामा के मार्गदर्शन में ईआरएमओ डॉ. लक्ष्मण तहेलानी और किडनी बिल्डिंग के नोडल अधिकारी डॉ. भरत चावड़ा के समन्वय से यह व्यवस्था लागू की गई है।

इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से मरीज के परिजनों को एक ही स्थान पर यह जानकारी मिल सकेगी कि मरीज किस वार्ड में भर्ती है, उसका कौन-सा उपचार चल रहा है और उसकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति कैसी है। इससे परिजनों को जानकारी के लिए अलग-अलग वार्डों में भटकना नहीं पड़ेगा।

नर्सिंग स्टाफ को मिलेगी कागजी कार्यवाही से राहत

नई व्यवस्था से नर्सिंग स्टाफ को मैन्युअल रजिस्टर भरने और कागजी कार्यवाही में लगने वाले समय की बचत होगी। कर्मचारी इस समय का उपयोग मरीजों की देखभाल और उपचार में कर सकेंगे। अस्पताल प्रशासन के अनुसार जल्द ही परिसर की अन्य सभी बिल्डिंगों के वार्ड, आईसीयू और हेल्पडेस्क पर भी यह सुविधा शुरू की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button