
वाराणसी नमो बुक फेस्ट-2 में 500 से अधिक पुस्तकें, विकसित भारत-2047 पर चर्चा
पहले संस्करण से ही सूरत की कीर्तिसेतु फाउंडेशन निभा रही सहयोगी की भूमिका
सूरत/वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में ‘नमो बुक फेस्ट-2’ का भव्य आयोजन किया गया। इसमें देशभर से लोगों ने भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों, कार्यों और विजन को प्रस्तुत करने वाली 500 से अधिक पुस्तकों का प्रदर्शन किया गया। इस आयोजन में सूरत की कीर्तिसेतु फाउंडेशन पहले संस्करण से ही सहयोगी संस्था के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम के दौरान ‘विकसित भारत-2047’ की परिकल्पना, भविष्य की तकनीक और देश के विकास में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इसमें केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और अंतरिक्ष तकनीक के भविष्य तथा इन क्षेत्रों में भारत की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी।
जेन-जी के विचारों पर भी मंथन
कार्यक्रम में जेन-जी यानी नई पीढ़ी की सोच, उसकी आकांक्षाओं और भविष्य की चुनौतियों पर भी विशेष चर्चा की गई। इस दौरान कीर्तिसेतु फाउंडेशन के जनरल एडवाइजर युवराज पोखरना ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने युवा पीढ़ी की सोच और विकसित भारत के निर्माण में उसकी भूमिका से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
इस संवाद में बड़ी संख्या में युवा, वैज्ञानिक और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल हुए। प्रतिभागियों ने वर्तमान तकनीकी विकास, उभरती नई तकनीकों और आने वाले वर्षों में संभावित बदलावों के बारे में जानकारी प्राप्त की। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें भारत के भविष्य, नवाचार और तकनीकी प्रगति पर विचार-विमर्श के लिए एक मंच प्रदान करना रहा।



