सूरत

23 अगस्त को होगी आढ़तिया कपड़ा एसोसिएशन सूरत की एजीएम, ऑडिट रिपोर्ट पर लगी मुहर

बोर्ड बैठक में लिए गए कई अहम फैसले, सितंबर में होने वाली टेक्सटाइल एग्जिबिशन की तैयारियों को लेकर बनाई रणनीति

सूरत। शहर के कपड़ा व्यापारियों के हितों के लिए कार्यरत आढ़तिया कपड़ा एसोसिएशन सूरत (आकास) की बोर्ड बैठक में संगठन के भविष्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में आगामी वार्षिक आमसभा (एजीएम) 23 अगस्त को आयोजित करने का निर्णय लिया गया। वहीं, चार्टर्ड अकाउंटेंट द्वारा प्रस्तुत ऑडिट रिपोर्ट को बोर्ड ने सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान करते हुए वित्तीय कार्यप्रणाली पर विश्वास जताया।

एसोसिएशन के प्रमुख प्रहलाद अग्रवाल ने बताया कि वार्षिक आमसभा 23 अगस्त को सुबह 10 बजे सिटी लाइट स्थित अग्रसेन भवन के वृंदावन हॉल में आयोजित होगी। एजीएम में वर्षभर की गतिविधियों का ब्यौरा, संगठन की भावी योजनाएं और व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

बोर्ड बैठक में 12 और 13 सितंबर को आयोजित होने वाली टेक्सटाइल एग्जिबिशन की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। आयोजन को अधिक भव्य और सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियों, व्यवस्थाओं और प्रचार-प्रसार को लेकर रणनीति तैयार की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि यह एग्जिबिशन कपड़ा व्यापारियों के लिए नए व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

बैठक में मौजूद सभी पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने, व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी प्रयास करने तथा आगामी आयोजनों को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प भी लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button