
सूरत : VNSGU में एक वर्षीय ‘सर्टिफिकेट प्रोग्राम इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन’ का शुभारंभ
कक्षा 10 अथवा 12 उत्तीर्ण तथा डिप्लोमा धारक अभ्यर्थी प्रवेश ले सकेंगे
सूरत। वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय में एक वर्षीय ‘सर्टिफिकेट प्रोग्राम इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन’ का शुभारंभ किया गया। इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अनुभवी संपादकों के मार्गदर्शन में फील्ड रिपोर्टिंग, न्यूज राइटिंग, मीडिया एथिक्स, डिजिटल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है।
यह एक वर्षीय पाठ्यक्रम दो सेमेस्टर में संचालित होगा। इसमें कक्षा 10 अथवा 12 उत्तीर्ण तथा डिप्लोमा धारक अभ्यर्थी प्रवेश ले सकेंगे। पढ़ाई का माध्यम हिंदी, गुजराती और अंग्रेजी रहेगा। कोर्स पूरा करने के बाद विद्यार्थियों को बी.ए. के द्वितीय वर्ष में सीधे प्रवेश का विशेष अवसर भी मिलेगा।
कार्यक्रम में कुलपति डॉ. के. एन. चावड़ा ने कहा कि पत्रकारिता ऐसा क्षेत्र है, जिसमें प्रतिदिन कुछ नया सीखने और अनुभव बढ़ाने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि इस नए पाठ्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और मीडिया क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों को आधुनिक पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के लिए सक्षम बनाना है।
कुलसचिव डॉ. आर. सी. गढ़वी ने कहा कि एक पत्रकार जीवनभर विद्यार्थी बना रहता है। यह पाठ्यक्रम केवल प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव देने के लिए तैयार किया गया है।
इस अवसर पर सूरत के प्रमुख समाचार पत्रों और न्यूज चैनलों के संपादकों कृष्णकांत उनडकट, मनोज मिस्त्री, मृगांक पटेल, नरेश वरिया और तेजस मोदी ने पत्रकारिता में निष्पक्षता, कड़ी मेहनत, संवेदनशीलता, सत्यनिष्ठा और नैतिकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नवोदित विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।



