
सूरत कपड़ा बाजार में फायर सेफ्टी एवं अग्नि–निवारण के उपाय योजनाओं पर हुआ मंथन
बैठक में फायर सेफ्टी क्षेत्र के अनुभवी एवं तकनीकी विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन
सूरत शहर के रिंगरोड पर स्थित फेडरेशन ऑफ़ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन ( फोस्टा ) के कार्यालय में गुरूवार को फायर सेफ्टी एवं अग्नि–निवारण से संबंधित तकनीकी विषयों पर एक महत्वपूर्ण एवं उपयोगी बैठक का सफल आयोजन किया गया।
इस बैठक में फायर सेफ्टी क्षेत्र के अनुभवी एवं तकनीकी विशेषज्ञ रिटायर्ड डिविजनल फायर ऑफिसर ओमप्रकाश मिश्रा एवं उनके फायर अटें. कार्तिक शुक्ला उपस्थित रहे।
जिन्होंने टेक्सटाइल मार्केट, गोदामों एवं व्यावसायिक परिसरों में आग से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षा मानकों, आधुनिक फायर सेफ्टी सिस्टम तथा आवश्यक सावधानियों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आगजनी की घटनाओं से बचाव हेतु व्यावहारिक सुझाव भी साझा किए गए।
बैठक में उपस्थित सभी डायरेक्टर एवं पदाधिकारियों ने फायर सेफ्टी को लेकर गंभीरता से विचार–विमर्श किया और भविष्य में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उपस्थित एक व्यापारी द्वारा सलाह दी गई की फायर विभाग द्वारा मार्केटो में वर्ष में दो बार पम्प एवं पुरे फायर सिस्टम को चेक कर उनका विडियो बनाकर सूरत महानगरपालिका में जमा कराना चाहिये। फोस्टा का निरंतर प्रयास है कि सूरत के टेक्सटाइल व्यापार क्षेत्र में सुरक्षा, जागरूकता और संरक्षित व्यापारिक वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
आज इस मीटिंग में अध्यक्ष कैलाश हाकिम, फोस्टा के पूर्व अध्यक्ष सांवरमल बुधिया, फोस्टा डायरेक्टर के साथ मार्केट अग्रणी एवं मेनेजर उपस्थित रहे।



