
सूरत शहर को वैश्विक स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डुमस स्थित सी फेस विकास परियोजना पहले चरण की सौगात शहरवासियों को मिली है। रविवार को लोकार्पण किया गया। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटील ने 166 करोड़ की लागत से तैयार सूरत महानगरपालिका के महत्वाकांक्षी ‘डुमस सी फेस डेवलपमेंट प्रोजेक्ट’ (फेज-01) का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सूरत महानगरपालिका द्वारा 673.12 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 247.80 करोड़ की लागत से होने वाले नए कार्यों का शिलान्यास भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक समय अस्वच्छ शहर के रूप में पहचाना जाने वाला सूरत आज नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों से देश के सबसे स्वच्छ शहरों में अग्रणी बन गया है। उन्होंने कहा कि शहर के जागरूक नागरिकों ने अपनी आदतों में बदलाव लाकर सूरत को स्वच्छ और सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय सफाई मित्रों और अनुशासित नागरिकों को दिया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डुमस सी फेस परियोजना राज्य के पर्यटन मानचित्र पर एक आकर्षक स्थान के रूप में उभरेगी और भविष्य में सूरत की नई पहचान बनेगी। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह सी फेस सूरत को अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने में सहायक होगा। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि डुमस सी फेस परियोजना सूरत की शान और वैश्विक पहचान बनेगी। उन्होंने बताया कि परियोजना की डिजाइन और सुविधाएं विश्वस्तरीय मानकों के अनुसार तैयार की गई हैं। उन्होंने नागरिकों से इस स्थान को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने की अपील भी की।

महापौर दक्षेश मावाणी ने कहा कि डुमस सी फेस परियोजना डुमस की प्राकृतिक सुंदरता को और अधिक आकर्षक बनाएगी। वर्षों से डुमस सूरत और आसपास के लोगों के लिए घूमने-फिरने का प्रमुख केंद्र रहा है और इस परियोजना से पर्यटन को नई गति मिलेगी। डुमस सी फेस परियोजना में फोर व्हीलर और टू व्हीलर पार्किंग, मल्टी लेवल कार पार्किंग, बस पार्किंग, साइकिल स्टैंड, बच्चों के लिए खेल मैदान, योग ग्राउंड, अर्बन बीच, प्रॉमेनाड, इवेंट ग्राउंड, चोपाटी सहित कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इन सुविधाओं के साथ यह परियोजना दक्षिण गुजरात के प्रमुख पर्यटन आकर्षण के रूप में उभरने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में सांसद मुकेश दलाल, विधायक संदीप देसाई, संगीता पाटिल, उपमहापौर नरेंद्र पाटिल, स्थायी समिति अध्यक्ष राजन पटेल, आयुक्त एम. नागराजन सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

मनपा के अन्य प्रकल्पों की भी भेंट
कार्यक्रम के दौरान रांदेर क्षेत्र में 271.63 करोड़ की लागत से बने 160 एमएलडी क्षमता के आधुनिक जल शोधन संयंत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भेस्तान और पालनपुर-भेंसाण क्षेत्र में 55 करोड़ से अधिक की लागत से निर्मित आवास, 56 करोड़ की लागत से बने 6.3 मेगावाट क्षमता वाले पवन ऊर्जा संयंत्र तथा लिंबायत और गोपीपुरा में सामुदायिक भवनों का लोकार्पण किया गया।



