
सूरत में 61 बटुकों का सामूहिक जनेऊ संस्कार समारोह भव्य रूप से सम्पन्न
सूरत : श्री सो.स.क्ष. समाजपंच, सूरत द्वारा आयोजित तथा सहस्त्रार्जुन युवक मंडल एवं हिंगलाज माता महिला मंडल के सहयोग से दिनांक 06 मई 2026, बुधवार को उधना स्थित कम्युनिटी हॉल में 61 बटुकों का सामूहिक जनेऊ (उपनयन संस्कार) समारोह भव्य एवं दिव्य वातावरण में सम्पन्न हुआ। समाज के अग्रणीजन, दानदाता, अतिथिगण एवं बड़ी संख्या में समाजजनों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधियों के मध्य बटुकों को यज्ञोपवीत धारण करवाया गया। पूरा वातावरण आध्यात्मिक भावना से ओतप्रोत नजर आया। कार्यक्रम के दौरान समाज में संस्कार, एकता और सेवा भाव का सुंदर संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर आयोजकों ने सभी दानदाताओं का विशेष आभार व्यक्त किया। उनके अमूल्य सहयोग से ही इस सामूहिक जनेऊ कार्यक्रम का सफल आयोजन संभव हो सका। बाहरगांव से पधारे अतिथियों, अभिभावकों, युवक मंडल, महिला मंडल, कमिटी सदस्यों एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
आयोजकों ने कहा कि “जनेऊ के तीन धागों ने केवल संस्कार ही नहीं, बल्कि समाज की एकता को भी मजबूत किया है।” समाज की एकजुटता, समर्पण और सेवा भावना के कारण यह आयोजन भव्य सफलता प्राप्त कर आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बना।
अंत में समाज के अग्रणीजनों ने “एकता, सेवा और संस्कार ही हमारी पहचान है” का संदेश देते हुए सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया।



