
विक्रम सिंह शेखावत के सपनों को साकार करेगा राजस्थान युवा संघ
सूरत। राजस्थान युवा संघ कार्यालय में शुक्रवार को रतनगढ़ के पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा तथा रतनगढ़ के पूर्व विधायक अभिनव महर्षि का आत्मीय स्वागत किया गया।
राजस्थान युवा संघ द्वारा “अतिथि देवो भव:” की परंपरा का निर्वहन करते हुए आयोजित इस स्वागत समारोह में समाजबंधुओं, युवा साथियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अतिथियों का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अभिनव महर्षि ने राजस्थान युवा संघ की कार्यकारिणी का अभिनंदन करते हुए कहा कि स्वर्गीय विक्रम सिंह जी शेखावत के विचारों एवं सपनों को आगे बढ़ाने के लिए संगठन जिस तत्परता और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही है।
वहीं पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा ने कहा कि “हम हमेशा आपके साथ खड़े हैं। आप सभी ने प्रदेश से दूर रहकर भी यहां स्थायी रूप से बसते हुए अपनी जन्मभूमि की संस्कृति, परंपरा और अपनत्व की भावना को जीवित रखा है, जिससे हमें अपनी मातृभूमि की याद ताजा हो जाती है।”
जगदीश शर्मा ने राजस्थान युवा संघ द्वारा निरंतर किए जा रहे मानव सेवा एवं गौ सेवा के कार्यों की जानकारी अतिथियों को दी तथा संगठन की विभिन्न सामाजिक गतिविधियों से अवगत कराया।
रामावतार पारीक ने बताया कि राजस्थान युवा संघ निरंतर सामाजिक एकता, सेवा एवं संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ स्व. विक्रम सिंह शेखावत के सपनों को साकार करने हेतु सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर सज्जन महर्षि, ओमप्रकाश शेखावाटी, संजय जैन, राजेंद्र चौधरी, विनोद सारस्वत, महेंद्र पटेल, कपिल सोनी, हरिओम स्वामी, विनोद प्रजापति, रोहित मेवाड़ा, मुकेश प्रजापति, श्याम माली, गंगाधर डूड़ी, मुकेश प्रजापत, प्रमोद शर्मा , राधेश्याम शर्मा एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



