
सूरत। अहमदाबाद में आयोजित 62वीं गुजरात राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में सूरत के होनहार निशानेबाज सौर्यौश सिंह राजावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 6 पदक अपने नाम किए। उन्होंने प्रतियोगिता में 3 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर सूरत के साथ गुजरात का भी गौरव बढ़ाया।
सौर्यौश ने 10 मीटर एयर पिस्टल (सब-यूथ) स्पर्धा में स्वर्ण, 10 मीटर एयर पिस्टल (यूथ) में रजत, 10 मीटर एयर पिस्टल (जूनियर) में कांस्य, 10 मीटर एयर पिस्टल (यूथ टीम) में स्वर्ण, 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल (यूथ) में स्वर्ण तथा 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल (जूनियर) में रजत पदक हासिल किए। एक ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छह पदक जीतना उनकी प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का प्रमाण माना जा रहा है।
प्रतिष्ठित परिवार से रखते हैं संबंध
सौर्यौश सिंह राजावत एक प्रतिष्ठित एवं सामाजिक रूप से सक्रिय परिवार से हैं। उनके पिता डॉ. वीरेंद्र सिंह राजावत सूरत के प्रसिद्ध न्यूमरोलॉजिस्ट एवं समाजसेवी हैं। वे राजस्थान युवा संघ, लघु उद्योग भारती और साकेत सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़े हुए हैं। उनकी माता डॉ. यामिनी खिंची वास्तुशास्त्र में पीएचडी हैं और अपने क्षेत्र की विशेषज्ञ के रूप में पहचान रखती हैं।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी जारी
सौर्यौश ने अपने शूटिंग करियर का प्रारंभिक प्रशिक्षण सूरत की अंतरराष्ट्रीय कोच तृप्ति चेवली के मार्गदर्शन में प्राप्त किया। वर्तमान में वे जयपुर के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच ओम प्रकाश चौधरी से प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में सौर्यौश आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटे हैं।
खेल जगत ने दी शुभकामनाएं
सौर्यौश की इस उपलब्धि पर खेल जगत, विभिन्न सामाजिक संगठनों और शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसी समर्पण और निरंतरता के साथ उनका प्रशिक्षण जारी रहा तो वे जल्द ही राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गुजरात और भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धियां हासिल करेंगे।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
सौर्यौश सिंह राजावत की यह सफलता सूरत के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आई है। उन्होंने यह साबित किया है कि दृढ़ संकल्प, नियमित अभ्यास, योग्य प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और परिवार का सहयोग किसी भी खिलाड़ी को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।



