
अडाजण में डॉ. अग्रवाल आई हॉस्पिटल की नई अत्याधुनिक सुविधा का उद्घाटन, 31 अगस्त तक मुफ्त नेत्र जांच
उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने किया लोकार्पण, आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ विश्वस्तरीय नेत्र उपचार अब सूरत में उपलब्ध
सूरत के अडाजण क्षेत्र में डॉ. अग्रवाल आई हॉस्पिटल की नई अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित शाखा का रविवार को गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने उद्घाटन किया। नई अस्पताल के शुरू होने से सूरत और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अब विश्वस्तरीय एवं विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सा सेवाएं शहर में ही आसानी से उपलब्ध होंगी।
अस्पताल प्रबंधन ने सामाजिक सेवा के तहत 31 अगस्त 2026 तक सभी मरीजों के लिए निःशुल्क संपूर्ण नेत्र जांच की घोषणा भी की है। इसके लिए मरीजों को पूर्व पंजीकरण कराना होगा।
करीब 5,600 वर्गफुट क्षेत्र में विकसित इस अस्पताल में अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सिस्टम, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, इन-हाउस ऑप्टिकल सर्विस, फार्मेसी और मरीज-केंद्रित उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे जांच, उपचार और फॉलो-अप सहित सभी सेवाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।
अस्पताल में मोतियाबिंद, रिफ्रैक्टिव समस्याएं, कॉर्निया रोग, ग्लूकोमा, रेटिना संबंधी बीमारियां और बच्चों की आंखों से जुड़ी समस्याओं का विशेष उपचार उपलब्ध रहेगा। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस सुविधा से मरीजों को उन्नत उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

उद्घाटन अवसर पर उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समाज के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। अडाजण में शुरू हुई यह आधुनिक नेत्र अस्पताल स्थानीय लोगों को नवीनतम तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उनके घर के निकट उपलब्ध कराएगी।
अस्पताल में वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. काजी एम. एम. तथा कंसल्टेंट नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकु राजा सहित अनुभवी चिकित्सकों की टीम मरीजों का उपचार करेगी।
क्लिनिकल सर्विसेज के जोनल हेड डॉ. नीरव शाह ने कहा कि अडाजण की नई शाखा विश्वस्तरीय नेत्र उपचार को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाओं, मॉड्यूलर ओटी और सुव्यवस्थित उपचार प्रक्रिया के माध्यम से मरीजों को परामर्श से लेकर उपचार और रिकवरी तक बेहतर अनुभव प्रदान किया जाएगा।
रीजनल क्लिनिकल सर्विसेज हेड डॉ. कृति शाह ने कहा कि आधुनिक नेत्र चिकित्सा का उद्देश्य केवल उन्नत उपचार देना नहीं, बल्कि मरीजों को सरल, सुलभ और आरामदायक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना भी है। नई अस्पताल में मरीजों को व्यक्तिगत देखभाल और समग्र उपचार एक ही छत के नीचे मिलेगा।
अस्पताल द्वारा घोषित विशेष पहल के तहत 31 अगस्त 2026 तक सभी मरीजों के लिए संपूर्ण नेत्र जांच निःशुल्क की जाएगी। इसके लिए इच्छुक मरीजों को पहले से पंजीकरण कराना होगा।



