
सूरत टेक्सटाइल मार्केट चुनाव में प्रगति पैनल का परचम, जानें किसको कितने वोट मिले ?
रिकॉर्ड 71.85% मतदान, सभी 17 सीटों पर शानदार जीत; दिग्गज नेताओं को मिली हार
सूरत। सूरत टेक्सटाइल मार्केट को-ऑपरेटिव शॉप्स एंड वेयरहाउस सोसायटी लिमिटेड की 21 सदस्यीय प्रबंधन समिति के चुनाव में प्रगति पैनल ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए सभी 17 सामान्य सीटों पर कब्जा कर लिया। चुनाव में पुराने और प्रभावशाली नेताओं को हार का सामना करना पड़ा, जिसे मार्केट की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
शनिवार को हुए मतदान में कुल 990 मतदाताओं में से 711 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह 71.85 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, जो मार्केट के चुनावी इतिहास का सबसे अधिक मतदान माना जा रहा है। मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इसमें महिला और वरिष्ठ मतदाताओं ने भी उत्साह के साथ भाग लिया।
मतगणना में 37 मत अमान्य पाए गए, जिसके बाद 674 वैध मतों की गिनती की गई। शुरुआत से ही प्रगति पैनल ने बढ़त बनाए रखी। पैनल के मनीष कोटीलाल जैन को सर्वाधिक 491 मत मिले। रघुनाथ सारड़ा, विकास गुप्ता, कृष्णसिंह झाला सहित पैनल के सभी उम्मीदवारों ने प्रभावशाली जीत दर्ज की।

वहीं, मार्केट के अनुभवी नेताओं कमल विजय तुलस्यान, नरेंद्र बाबू, राजेश पंचमानी सहित विपक्षी पैनल के कई प्रमुख प्रत्याशी चुनाव हार गए। इसे चुनाव का सबसे बड़ा उलटफेर माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि 21 सदस्यीय समिति में दो महिला, एक अनुसूचित जाति/जनजाति तथा एक सदस्य सूरत महानगरपालिका द्वारा मनोनीत किया जाता है। इन पदों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका था, जबकि 17 सामान्य सदस्यों के लिए मतदान कराया गया। चुनाव अधिकारी अशोक जैन, अनिल अग्रवाल और महेंद्र पाल खुराना के निर्देशन में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।



