
नवसारी जिले के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। स्थानीय नागरिकों, विभिन्न संगठनों और जनप्रतिनिधियों की वर्षों पुरानी मांग को स्वीकार करते हुए रेलवे बोर्ड ने 12933/12934 कर्णावती एक्सप्रेस को नवसारी रेलवे स्टेशन पर ठहराव देने की मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही वलसाड–बोरिवली मेमू (69139) ट्रेन को सूरत तक विस्तारित करने का भी निर्णय लिया गया है, जिससे हजारों दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
जानकारी के अनुसार, नवसारी के सांसद एवं केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल तथा भाजपा जिला अध्यक्ष भूराभाई शाह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर इन मांगों को विस्तार से रखा था। लगातार प्रयासों के बाद रेलवे मंत्रालय ने दोनों मांगों को मंजूरी प्रदान कर दी।
सूत्रों के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस, सौराष्ट्र मेल समेत अन्य ट्रेनों के नवसारी में ठहराव को लेकर भी रेलवे मंत्रालय सकारात्मक विचार कर रहा है और इस संबंध में जल्द निर्णय आने की संभावना है।
इस फैसले का स्वागत करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष भूराभाई शाह ने नवसारी जिले की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से जिले के हजारों यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है और आवागमन अधिक सुविधाजनक बनेगा।



