
सूरत। शहर के सचिन क्षेत्र के पाली गांव स्थित एक चाइनीज सेंटर से खाद्य सुरक्षा को लेकर बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक ग्राहक द्वारा ऑर्डर किए गए मंचूरियन में कथित तौर पर मरा हुआ चूहा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद सूरत महानगर पालिका का स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और दुकान का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार, सचिन साउथ जोन-बी के वार्ड नंबर-30 स्थित जय हनुमान चाइनीज सेंटर से ग्राहक ने मंचूरियन का ऑर्डर दिया था। खाना खाने के दौरान उसकी नजर डिश में मौजूद काले रंग की एक वस्तु पर पड़ी। करीब से देखने पर वह मरा हुआ चूहा निकला। समय रहते इसकी जानकारी होने से ग्राहक संभावित गंभीर स्वास्थ्य जोखिम से बच गया।
वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान दुकान में साफ-सफाई की गंभीर कमी और गंदगी पाई गई। इसके बाद नगर निगम ने संचालक को सफाई व्यवस्था सुधारने की नोटिस जारी करते हुए 1000 का जुर्माना लगाया।
हालांकि, इतनी गंभीर लापरवाही के बावजूद केवल नोटिस और मामूली जुर्माने की कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फूड सेफ्टी ऑफिसर टी.एस. पटेल के अनुसार, जांच में दुकान में गंदगी मिलने पर संचालक को तीन दिन के भीतर पूरी सफाई कराने, पेस्ट कंट्रोल करवाने और सभी कमियों को दूर कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



