
सूरत। देशभर के टेक्सटाइल व्यापार में महत्वपूर्ण पहचान रखने वाली बॉम्बे मार्केट आर्ट सिल्क को-ऑपरेटिव सोसायटी के आम चुनाव में पुरानी पैनल ने एक बार फिर शानदार जीत दर्ज की है। शनिवार, 18 जुलाई को हुए चुनाव में पुरानी पैनल के सभी 15 उम्मीदवार विजयी रहे, जबकि परिवर्तन पैनल के सभी उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा।
चुनाव में वर्षों से सोसायटी का संचालन और सेवा कार्य कर रही पुरानी पैनल के 15 उम्मीदवारों का मुकाबला परिवर्तन पैनल के 15 उम्मीदवारों से था। व्यापारियों ने पुरानी पैनल की कार्यशैली और विकास कार्यों पर भरोसा जताते हुए जवंतराज राठौड़ (जैन) के नेतृत्व वाली पैनल को पूर्ण बहुमत से विजयी बनाया।
सोसायटी के अध्यक्ष पद पर सुखाभाई पटेल, उपाध्यक्ष पद पर दिनेशभाई सावलिया, जवंतराज राठौड़ (जैन), प्रकाश डुंगाणी, पिंटू शाह, देवेंद्र जैन, जय पंजवाणी, मुकेश कारिया, भवरलाल धारीवाल, धर्मेश शाह, मनीष जैन, भरतभाई भेंसाणिया, विनोद गजेरा, जीतेश शाह और सुरेश गांधी सहित पुरानी पैनल के सभी 15 उम्मीदवार विजयी घोषित किए गए।
वहीं, महिला आरक्षित दो सीटों पर कोई मुकाबला नहीं होने से गायत्रीबेन विपुलभाई पटेल और हेमलताबेन मोतीलाल जैन निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुईं।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी पैनल के पदाधिकारियों और समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा। सोसायटी के अग्रणियों ने इस जीत को व्यापारियों के अटूट विश्वास, पारदर्शी कार्यप्रणाली और विकास कार्यों की जीत बताते हुए सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।



