
राजस्थान युवा संघ ने धूमधाम से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
सूरत। राजस्थानी-मारवाड़ी समाज की प्रमुख सामाजिक संस्था राजस्थान युवा संघ की ओर से संघ कार्यालय एवं अस्पताल परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, सामाजिक एकता और सेवा भावना के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। संघ के नवनियुक्त अध्यक्ष शक्ति सिंह तंवर के नेतृत्व में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में राजस्थान युवा संघ अस्पताल ट्रस्ट एवं संघ के पदाधिकारी, ट्रस्टी, संरक्षक, कार्यकर्ता, समाज के अग्रणीजन, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि और एस.वी. पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
समारोह में संघ के संरक्षक बजरंग सिंह कविया सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं और समाजबंधुओं की गरिमामय उपस्थिति रही। ध्वजारोहण के बाद सभी ने राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों और समाजहित में निरंतर सेवा करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। संघ एवं ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए राजस्थान युवा संघ के विभिन्न सेवा कार्यों की सराहना की और नवनियुक्त अध्यक्ष एवं संरक्षक को शुभकामनाएं दीं।
वक्ताओं ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में राजस्थान युवा संघ सामाजिक, धार्मिक, चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में सेवा कार्यों का और विस्तार करते हुए नए आयाम स्थापित करेगा।
राजस्थान युवा संघ के अध्यक्ष शक्ति सिंह तंवर ने कहा कि संगठन में व्यक्ति से ऊपर संघ की भावना और समाजहित को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने सदस्यता अभियान को गति देने तथा समाज के सभी वर्गों और विभिन्न संस्थाओं के साथ व्यापक समन्वय स्थापित करने की प्रतिबद्धता जताई।
उन्होंने कहा कि राजस्थान युवा संघ की प्राथमिकता समाजहित में निरंतर सेवा कार्य करना और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। सेवा गतिविधियों को और मजबूत करने के लिए सभी सदस्यों को साथ लेकर आगे बढ़ने का संकल्प भी उन्होंने व्यक्त किया।



