
सेंट मार्क्स हायर सेकेंडरी स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति के साथ धूमधाम से मनाया
अल्पनाबेन मेहता ने किया ध्वजारोहण; विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और कराटे प्रस्तुति से बांधा समां
सूरत। अडाजन स्थित सेंट मार्क्स हायर सेकेंडरी स्कूल में 15 अगस्त 2026 को भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। स्कूल के प्री-प्राइमरी, प्राइमरी, सेकेंडरी और हायर सेकेंडरी विभाग के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में सूरत की सत्तारूढ़ पार्टी की नेता अल्पनाबेन मेहता मुख्य अतिथि तथा सूरत शहर पत्रकार संघ के अध्यक्ष अशोकभाई गोहिल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ स्कूल ट्रस्टी बी.वी.एस. रावसर, को-फाउंडर सुशीला मैडम, प्रिंसिपल प्रणब कुमार नायक, एकेडमिक एडमिनिस्ट्रेटर डेविड, प्री-प्राइमरी इंचार्ज आरती विजय स्वामी, प्राइमरी इंचार्ज खुशाली शाह, साइंस इंचार्ज शेफाली दवे सहित शिक्षक एवं स्टाफ मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अतिथियों का बैंड की धुन के साथ स्वागत किया गया। विद्यार्थियों ने बुके भेंट कर अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके बाद मुख्य अतिथि अल्पनाबेन मेहता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उपस्थित सभी लोगों ने तिरंगे को सलामी देकर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

स्कूल ट्रस्टी बी.वी.एस. रावसर ने स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए देश के सैनिकों और स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा दिए गए बलिदानों को याद किया। समारोह में स्कूल के विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे विद्यार्थियों को शील्ड, बुके और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। विद्यार्थियों ने ‘ओ देश मेरे तेरी शान पे सदके’, ‘तेरी मिट्टी में मिल जावां’ जैसे देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा कराटे और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे।



