
बदल गया व्यापार का अंदाज, लेकिन नहीं बदली लाभ पंचमी की परंपरा, जानिए गुजरात के कारोबारियों का इस पर्व से खास रिश्ता!
बदल गया व्यापार का अंदाज, लेकिन नहीं बदली लाभ पंचमी की परंपरा, जानिए गुजरात के कारोबारियों का इस पर्व से खास रिश्ता!
सूरत। समय के साथ व्यापार करने के तरीके बदल गए। कागजी बही-खातों का स्थान कंप्यूटर और डिजिटल तकनीक ने ले लिया, लेकिन सूरत एवं गुजरात के व्यापारियों की लाभ पंचमी के प्रति आस्था आज भी बनी हुई है। शनिवार, 14 नवंबर को यह पर्व नए व्यापारिक संकल्पों और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा।
क्यों खास है यह परंपरा?
वैदिक ज्योतिष एवं वास्तु विशेषज्ञ गोविंद मूंदड़ा के अनुसार गुजरात की व्यावसायिक संस्कृति में धार्मिक आस्था और व्यापारिक व्यवहार का अनूठा संबंध रहा है। दीपावली के बाद लाभ पंचमी पर व्यापार पुनः प्रारंभ करने की परंपरा व्यापारियों को नए उत्साह के साथ आगे बढ़ने का अवसर देती है। सूरत के हीरा, कपड़ा, केमिकल तथा अन्य उद्योगों में भी इस पर्व का विशेष महत्व है।
पुरानी परंपरा, आधुनिक संदेश
पहले व्यापारी बही-खातों का पूजन करते थे। आज व्यापार डिजिटल हो चुका है, लेकिन इस परंपरा का मूल भाव वही है। व्यापार में पारदर्शिता, सही हिसाब, ग्राहकों के प्रति विश्वास और भविष्य की योजनाओं को महत्व देना। यह पर्व याद दिलाता है कि तकनीक बदल सकती है, लेकिन ईमानदारी और विश्वास का महत्व कभी कम नहीं होता।
धार्मिक एवं सामाजिक महत्व
कार्तिक शुक्ल पंचमी को सौभाग्य पंचमी के नाम से भी जाना जाता है। गणेश-लक्ष्मी पूजन के माध्यम से बुद्धि, विवेक और समृद्धि की कामना की जाती है। वहीं जैन परंपरा में ज्ञान पंचमी ज्ञान की आराधना का अवसर है। इस प्रकार यह दिन व्यापार के साथ नैतिकता और ज्ञान का भी संदेश देता है।
शुभ मुहूर्त : सूरत
शनिवार, 14 नवंबर को पंचमी तिथि रात 11:24 बजे तक रहेगी। शुभ चौघड़िया सुबह 8:12 से 9:35 बजे, अभिजित मुहूर्त दोपहर 12:00 से 12:45 बजे, अमृत चौघड़िया दोपहर 3:10 से 4:33 बजे और लाभ चौघड़िया शाम 5:57 से 7:33 बजे रहेगा। सुबह 9:35 से 10:59 बजे राहुकाल तथा दोपहर 1:46 से 3:10 बजे यमगण्ड काल रहेगा।
गोविंद मूंदड़ा के अनुसार सफल व्यापार वह नहीं जिसमें केवल मुनाफा बढ़े, बल्कि वह है जिसमें विश्वास, प्रतिष्ठा, संतोष और समाज के प्रति जिम्मेदारी भी बढ़े।

गोविंद मूंदड़ा
वैदिक ज्योतिष, वास्तु एवं हस्तरेखा विशेषज्ञ
संस्थापक – भाग्यद्रष्टा एस्ट्रो वास्तु प्रा. लि., सूरत



