
आसाधारण फाउंडेशन के ‘आनंद मेला 2.0’ में बच्चों ने संभाली नेतृत्व और उद्यमिता की कमान
अनूठे लर्निंग फेयर में खेल-खेल और मनोरंजन के जरिए वास्तविक जीवन के कौशलों को सिखाया गया
सूरत। आसाधारण फाउंडेशन द्वारा रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को सनग्रेस स्कूल, उधना में ‘आनंद मेला’ के दूसरे संस्करण का सफल आयोजन किया गया। बच्चों के नेतृत्व में आयोजित इस अनूठे लर्निंग फेयर में खेल-खेल और मनोरंजन के जरिए वास्तविक जीवन के कौशलों को सिखाया गया। मेले में संस्था की ‘संडे पाठशाला’ के बच्चों के साथ अभिभावकों, स्वयंसेवकों और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने हिस्सा लिया।
इस आयोजन की मुख्य विशेषता यह रही कि बच्चों ने केवल दर्शक या प्रतिभागी बनकर नहीं, बल्कि आयोजक के रूप में मेला का संचालन किया। फाउंडेशन के अनुसार, कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में संवेदना, संवाद, सहयोग, चेतना एवं आलोचनात्मक सोच का विकास करना था।
मेले के जरिए बच्चों ने व्यावहारिक स्तर पर वित्तीय साक्षरता, मार्केटिंग और उद्यमिता के गुर सीखे। स्टॉल प्रबंधन के माध्यम से बच्चों ने लाभ-हानि, मूल्य निर्धारण, बचत और ग्राहकों से संवाद करने जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशलों का व्यावहारिक अनुभव हासिल किया।
आसाधारण फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह पहल बच्चों के समग्र विकास का हिस्सा है। जब बच्चों को निर्णय लेने और नेतृत्व करने का अवसर और विश्वास दिया जाता है, तो वे न केवल आत्मविश्वास से भरते हैं बल्कि भविष्य के सशक्त नेतृत्वकर्ता बनते हैं।



