बिजनेससूरत

बारिश से प्रभावित कपड़ा व्यापारियों की मदद के लिए फोस्टा सक्रिय, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

राहत योजना की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया के मार्गदर्शन और फोस्टा हेल्पडेस्क स्थापित करने की मांग

सूरत। फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन्स (फोस्टा) ने शुक्रवार को सूरत के कलेक्टर तेजस परमार को ज्ञापन सौंपकर भारी बारिश से प्रभावित कपड़ा व्यापारियों को राज्य सरकार की राहत योजना का लाभ शीघ्र एवं सरल तरीके से उपलब्ध कराने की मांग की।

फोस्टा ने ज्ञापन में बताया कि 7 और 8 जुलाई को हुई भारी बारिश के कारण शहर के करीब 30 टेक्सटाइल मार्केटों के बेसमेंट और दुकानों में पानी भर गया था। इससे हजारों कपड़ा व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। संस्था ने गुजरात सरकार द्वारा घोषित राहत पैकेज का स्वागत करते हुए प्रशासन से आग्रह किया कि राहत योजना से संबंधित पूरी जानकारी, आवश्यक दस्तावेजों की सूची और आवेदन प्रक्रिया जल्द से जल्द प्रभावित व्यापारियों तक पहुंचाई जाए।

संस्था ने प्रशासन से यह भी अनुरोध किया कि प्रभावित व्यापारियों की सहायता और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय के लिए फोस्टा को अधिकृत किया जाए, ताकि राहत योजना की जानकारी प्रत्येक प्रभावित व्यापारी तक समय पर पहुंच सके और उन्हें योजना का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

फोस्टा ने अपने कार्यालय में विशेष हेल्पडेस्क स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा। संस्था का कहना है कि यदि किसी व्यापारी को राहत योजना के ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन, आवश्यक दस्तावेज तैयार करने अथवा अन्य किसी प्रक्रिया में कठिनाई आती है, तो वह सीधे फोस्टा कार्यालय में संपर्क कर निःशुल्क मार्गदर्शन और सहायता प्राप्त कर सकेगा।

फोस्टा ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर बारिश से प्रभावित कपड़ा व्यापारियों को राहत योजना का लाभ समयबद्ध और सुगम तरीके से उपलब्ध कराने में सहयोग करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button