
सूरत महाराष्ट्र माहेश्वरी परिवार का होली मिलन, सत्कार समारोह आज
गणगौर मेला एवं भजन जैमिंग का भव्य आयोजन होगा
सूरत महाराष्ट्र माहेश्वरी परिवार द्वारा आगामी 15 मार्च 2026, रविवार को श्री माहेश्वरी भवन, सिटीलाईट, सूरत में होली मिलन समारोह के उपलक्ष्य में सत्कार समारोह, गणगौर मेला एवं भजन जैमिंग (भजन का नया स्वरूप) का भव्य एवं पारिवारिक आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम सायं 4:30 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें समाज के सभी बंधु-बांधवों एवं मातृशक्ति के लिए भक्ति, संस्कृति और मनोरंजन से भरपूर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत सत्कार समारोह से होगी, जिसमें सूरत शहर के प्रमुख नेतागण तथा सूरत महानगरपालिका (SMC), इनकम टैक्स, जीएसटी एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर उनकी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ेगी।
इसके पश्चात मारवाड़ी समाज के प्रमुख एवं पारंपरिक पर्व गणगौर के पावन अवसर पर मातृशक्ति के लिए विशेष “गणगौर मेला” आयोजित किया जाएगा। इस मेले में महिलाओं के मनोरंजन के लिए सेल्फी बूथ, लाख की चूड़ियों की स्टॉल, मटका बनाने वाला कारीगर, स्केच आर्ट, मेहंदी आर्ट, नेल आर्ट, DJ डांस, विभिन्न रोचक गेम्स एवं आकर्षक उपहार की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे मातृशक्ति को पारंपरिक उत्सव के साथ आनंद का विशेष अनुभव मिल सके।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में भजन जैमिंग का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महाराष्ट्र से आई विशेष भजन टीम द्वारा भक्ति एवं संगीत से ओतप्रोत प्रस्तुति दी जाएगी। यह भजन जैमिंग भजन का एक नया एवं आकर्षक स्वरूप होगा, जो उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को भक्ति और संगीत के वातावरण में सराबोर कर देगा। साथ ही कार्यक्रम में लकी ड्रॉ के बंपर उपहार भी रखे गए हैं, जो सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
कार्यक्रम में आने वाले सभी अतिथियों एवं परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है। चूँकि उसी दिन ग्यारस है, इसलिए व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष फलाहार (फरियाली) की अलग से व्यवस्था भी रखी गई है, ताकि सभी श्रद्धालु अपनी धार्मिक आस्था के साथ कार्यक्रम का आनंद ले सकें।
सूरत महाराष्ट्र माहेश्वरी परिवार का मुख्य उद्देश्य महाराष्ट्र से आकर सूरत में बसे माहेश्वरी परिवारों को एक मंच पर जोड़ना, आपसी भाईचारा और पारिवारिक संबंधों को मजबूत बनाना तथा समाज की सांस्कृतिक एवं पारंपरिक विरासत को आगे बढ़ाना है। समय-समय पर ऐसे पारिवारिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में एकता और अपनापन बढ़ाने का प्रयास किया जाता है।
इस कार्यक्रम के आयोजन में गोविंद मूंदड़ा, दीपक मालानी, विजय केला, अतुल बांगड़, चन्द्रशेखर राठी, अतुल लाहोटी, ओमप्रकाश बिड़ला, कविश मारू, दीपक राठी एवं पूनम मालपानी सहित पूरी आयोजन समिति सक्रिय रूप से सहयोग कर रही है।
सूरत महाराष्ट्र माहेश्वरी परिवार के संस्थापक गोविंद मूंदड़ा ने जानकारी देते हुए समाज के सभी माहेश्वरी बंधुओं एवं मातृशक्ति से परिवार सहित उपस्थित होकर इस पारिवारिक आयोजन की शोभा बढ़ाने एवं इसे सफल बनाने का विनम्र आग्रह किया है।



