
सूरत महाराष्ट्र माहेश्वरी परिवार का होली मिलन सम्पन्न
समाज के बड़ी संख्या में बंधु-बांधवों एवं मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लिया
सूरत महाराष्ट्र माहेश्वरी परिवार द्वारा 15 मार्च 2026, रविवार को श्री माहेश्वरी भवन, सिटीलाईट, सूरत में होली मिलन समारोह के उपलक्ष्य में सत्कार समारोह, गणगौर मेला एवं भजन जैमिंग का भव्य एवं पारिवारिक आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस आयोजन में समाज के बड़ी संख्या में बंधु-बांधवों एवं मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे कार्यक्रम में भाईचारे, संस्कृति एवं भक्ति का सुंदर वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत सत्कार समारोह से हुई, जिसमें सूरत महानगरपालिका (SMC), इनकम टैक्स एवं जीएसटी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों का सम्मान कर समाज की ओर से उनका अभिनंदन किया गया। इसी अवसर पर समाज के सहयोगी भामाशाहों का भी सम्मान कर उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।
साथ ही सूरत जिल्हा माहेश्वरी सभा के कई सदस्य भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उनके माध्यम से समाज के लिए चल रही सामाजिक सुरक्षा योजना, विभिन्न सामाजिक योजनाएं, विवाह कोष तथा जनगणना से संबंधित जानकारी देने के लिए विशेष टेबल लगाए गए, जिनके माध्यम से समाज बंधुओं को इन योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए प्रेरित किया गया तथा कई लोगों को इनका लाभ भी प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री एवं सांसद सी. आर. पाटिल साहब ने वीडियो संदेश के माध्यम से अपनी शुभेच्छाएं प्रेषित की। वहीं हर्ष संघवी ने पत्र के माध्यम से अपनी शुभकामनाएँ भेजीं। पुलिस विभाग की ओर से भी दूरभाष (कॉल) के माध्यम से शुभेच्छाएं प्रेषित करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित न हो पाने का खेद व्यक्त किया गया।

इसके पश्चात मारवाड़ी समाज के प्रमुख एवं पारंपरिक पर्व गणगौर के पावन अवसर पर मातृशक्ति के लिए विशेष “गणगौर मेला” आयोजित किया गया, जिसका मातृशक्ति ने भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में महाराष्ट्र से आई विशेष भजन टीम द्वारा भजन जैमिंग की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। भक्ति एवं संगीत से ओतप्रोत इस प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और सभी उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए।
सूरत महाराष्ट्र माहेश्वरी परिवार का मुख्य उद्देश्य महाराष्ट्र से आकर सूरत में बसे माहेश्वरी परिवारों को एक मंच पर जोड़ना, आपसी भाईचारा और पारिवारिक संबंधों को मजबूत बनाना तथा समाज की सांस्कृतिक एवं पारंपरिक विरासत को आगे बढ़ाना है। ऐसे पारिवारिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज में एकता और अपनापन निरंतर बढ़ रहा है।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में गोविंद मूंदड़ा, दीपक मालानी, अतुल बांगड़, चन्द्रशेखर राठी, अतुल लाहोटी, ओमप्रकाश बिड़ला, दीपक राठी, पूनम मालपानी, गिरिराज मोहता, अतुल लखोटिया, आनंद टावरी, संजय चांडक, आशीष केला, नीलेश राठी, मधुसूदन मंत्री एवं जय महेश्वरी सहित पूरी आयोजन समिति का विशेष सहयोग रहा।
संस्थापक गोविंद मूंदड़ा ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के सभी सदस्यों, मातृशक्ति एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।



