
राजस्थान युवा संघ के अध्यक्ष स्व. विक्रम सिंह शेखावत को गौ सेवा व वृक्षारोपण कर दी श्रद्धांजलि
सूरत। राजस्थान युवा संघ के यशस्वी अध्यक्ष स्वर्गीय विक्रम सिंह शेखावत के बारहवें के अवसर पर आज संघ के कार्यकर्ताओं ने ओम नन्देश्वर गौशाला में गौ सेवा कर तथा उनकी पावन स्मृति में एक वृक्ष लगाकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं द्वारा गौमाता को लापसी का भोग लगाकर तथा हरे चारे से भरी एक गाड़ी गौशाला में भेंट की गई। साथ ही सभी ने गौमाता की सेवा कर स्व. शेखावत के समाज सेवा और गौ सेवा के कार्यों को याद किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

ज्ञात हो कि समाजसेवी स्व. विक्रम सिंह शेखावत का फागोत्सव कार्यक्रम के पश्चात अचानक हृदयाघात (हार्ट अटैक) के कारण निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार एवं अंतिम क्रिया उनके पैतृक गांव बनगोठड़ी (राजस्थान) में संपन्न हुई थी।
संघ के कार्यकर्ताओं ने बताया कि स्व. शेखावत की स्मृति में राजस्थान युवा संघ,उनके परिवार , क्षत्रिय राजस्थान राजपूत समाज और सर्व समाज की ओर से श्रद्धांजलि सभा आगामी रविवार को तुलसी पार्टी प्लॉट, सूरत में शाम 6 से 8 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें समाज के गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।



