
सेवा फाउंडेशन की नई पहल सफल: आयुर्वेदिक ओपीडी विभाग का शुभारंभ, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
सूरत। समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में सक्रिय सेवा फाउंडेशन द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देते हुए सेवा आयुर्वेदिक मल्टी स्पेश्यालिटी हॉस्पिटल में श्री धन्वन्तरि आयुर्वेद ओपीडी विभाग का शुभारंभ रविवार, 29 मार्च 2026 को दक्षेश्वर महादेव मंदिर, जीएचबी रोड, उधना स्थित अस्पताल परिसर में आयोजित जनसेवा समर्पण कार्यक्रम के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ उधना विधायक मनुभाई पटेल ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर सूरत टेक्सटाइल बुर्ज (बीआरसी) के नरसीभाई भवाणी, पूर्व भाजपा शहर उपाध्यक्ष छोटूभाई पाटिल, यूथ फॉर गुजरात के अध्यक्ष जिग्नेश पाटिल तथा चौकड़ीका परिवार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन सेवार्थी स्व. भंवरीदेवी सीतारामजी चौकड़ीका परिवार एवं सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने सेवा फाउंडेशन द्वारा समाज के जरूरतमंद वर्ग के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आयुर्वेदिक ओपीडी विभाग की शुरुआत से आमजन को किफायती एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे विशेष रूप से श्रमिक, निम्न एवं मध्यम वर्ग के लोगों को लाभ मिलेगा।
सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित श्री लक्ष्मी नारायण अन्नपूर्णा सेवा (बीआरसी) के माध्यम से प्रतिदिन दोपहर लगभग 800 तथा सायंकाल करीब 400 लोगों को लागत मूल्य से कम दर पर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
वहीं मिलेनियम मार्केट के सामने खेमानी भोजन सेवा के माध्यम से मात्र 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराकर श्रमिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को राहत प्रदान की जा रही है।
सेवा कार्यों को सफल बनाने में बीआरसी सेवा में महावीर प्रसाद चौकड़ीका एवं नरसीभाई भवाणी का विशेष सहयोग रहा है, जबकि मिलेनियम मार्केट क्षेत्र में संचालित भोजन सेवा में विजय खेमानी का योगदान उल्लेखनीय बताया गया।
फाउंडेशन द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में भी निरंतर विस्तार किया जा रहा है। प्रगति टावर में सेवा हॉस्पिटल के विकास के साथ ही दक्षिणेश्वर मंदिर के सामने स्थित पुराने परिसर में आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक एवं डेंटल ओपीडी सेवाएं पहले से संचालित हैं। नव प्रारंभ हुई श्री धन्वन्तरि आयुर्वेद ओपीडी से अब मरीजों को पारंपरिक आयुर्वेदिक उपचार का भी लाभ मिल सकेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, चिकित्सक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
आज शहर के समाजसेवी और गणमान्य व्यक्ति सभी उपस्थित रहे। सेवा फाउंडेशन के अशोक गोयल , chhayado के भरत भाई शाह और आढ़तिया एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रहलाद जी अग्रवाल और सेवा हॉस्पिटल के गिरीश मित्तिल और पंकज गोयल और अन्य लोग उपस्थित रहे।



