सूरत। दक्षिण गुजरात के इतिहास में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर के ग्लोबल ट्रैवल ट्रेड फेयर (GTTF)-2026 का आयोजन होने जा रहा है। दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) और तापी ट्रैवल एक्सपो (TTE)-2026 के संयुक्त तत्वावधान में 28 और 29 जुलाई को सरसाना स्थित सूरत इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (SIECC) के पिलर-लेस डोम में दो दिवसीय बी2बी ट्रैवल ट्रेड शो आयोजित किया जाएगा।
मेले का उद्घाटन 28 जुलाई को सुबह 10:30 बजे गुजरात विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं सूरत पश्चिम के विधायक पूर्णेश मोदी करेंगे। कार्यक्रम में सूरत महानगरपालिका के आयुक्त एम. नागराजन (IAS), गुजरात पवित्र यात्राधाम विकास बोर्ड के सदस्य सचिव रमेश मेरजा तथा सोहाजिया टूर्स एंड ट्रैवल्स के एमडी कांतिलाल सोहाजिया विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इस दौरान ‘एग्जीबिटर्स गाइड’ और GTTF-2027 का डिजिटल लॉन्च भी किया जाएगा।
चैंबर अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने कहा कि 86 वर्षों से उद्योग और व्यापार को नई दिशा देने वाला चैंबर अब पर्यटन क्षेत्र में भी नई पहचान बनाने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य सूरत को ग्लोबल टूरिज्म और MICE हब के रूप में विकसित करना है।
चैंबर के उपाध्यक्ष रविराज देसाई ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में सूरत एयरपोर्ट पर यात्री यातायात में 60 प्रतिशत वृद्धि हुई है, जबकि पिछले पांच वर्षों में आउटबाउंड ट्रैवलर्स की संख्या में 300 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। इसे देखते हुए यह आयोजन पर्यटन उद्योग के लिए बड़े व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराएगा।
दो दिवसीय ट्रेड फेयर में देश-विदेश के 100 से अधिक एग्जीबिटर्स और 1,000 से अधिक ट्रेड विजिटर्स भाग लेंगे। इसमें एयरलाइंस, क्रूज ऑपरेटर्स, डेस्टिनेशन मैनेजमेंट कंपनियां (DMCs), टूर ऑपरेटर्स, लक्जरी होटल एवं रिसॉर्ट्स, मेडिकल और वेलनेस टूरिज्म ब्रांड्स एक ही छत के नीचे अपनी सेवाओं और उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही B2B मीटिंग्स, डेस्टिनेशन प्रमोशन, प्रोडक्ट लॉन्च, नॉलेज सेशन और नेटवर्किंग के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
चैंबर के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि इन्क्रेडिबल इंडिया, पर्यटन मंत्रालय और देश की प्रमुख ट्रैवल एसोसिएशनों के सहयोग से आयोजित यह आयोजन भारतीय पर्यटन उद्योग के लिए नया मील का पत्थर साबित होगा।



