
सूरत/गांधीनगर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भाजपा ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, तिरंगा यात्रा तथा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के आयोजन को लेकर गांधीनगर स्थित प्रदेश कार्यालय ‘श्री कमलम’ में प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जगदीशभाई विश्वकर्मा ने की, जबकि प्रदेश संगठन महामंत्री रत्नाकरजी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष जगदीशभाई विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से वर्ष 2022 में शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और आत्मीयता को मजबूत करने वाला जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के साथ विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इस वर्ष भी 140 करोड़ देशवासी उत्साहपूर्वक स्वतंत्रता दिवस मनाएंगे।

उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान और मंडल स्तर पर निकाली जाने वाली तिरंगा यात्राएं “मैं भारतीय हूं” के स्वाभिमान को अभिव्यक्त करने का माध्यम हैं। उन्होंने अभियान के संचालन, तिरंगा यात्राओं और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रमों को लेकर पदाधिकारियों को विस्तृत मार्गदर्शन भी दिया। विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व के लगभग 35 देशों द्वारा दिए गए सर्वोच्च सम्मान तिरंगे और 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान हैं।
प्रदेश संगठन महामंत्री रत्नाकरजी ने बताया कि 10 अगस्त को गांधीनगर में मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल और प्रदेश अध्यक्ष जगदीशभाई विश्वकर्मा की उपस्थिति में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 11, 12 और 13 अगस्त को प्रदेश के सभी जिला एवं महानगरों में मंडल स्तर पर जनभागीदारी के साथ तिरंगा यात्राओं का आयोजन होगा। इनमें पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिजनों, विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों को भी शामिल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता अपने परिवार के साथ घरों पर तिरंगा फहराएंगे। वहीं 14 अगस्त को देश विभाजन के दौरान लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा और बलिदान की स्मृति में जिला एवं महानगर स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में अभियान के प्रभारी एवं राज्य सरकार के पूर्व मंत्री प्रदीपभाई परमार ने कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री अनिरुद्धभाई दवे, डॉ. प्रशांतभाई कोराट, अजयभाई ब्रह्मभट्ट, हितेंद्रसिंह चौहान सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला एवं महानगर अध्यक्ष, प्रभारी और अभियान से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



