
रघुकुल मार्केट के सामने 10-15 दिन में हटेगा मेट्रो का सपोर्टिव स्ट्रक्चर
सूरत। रघुकुल मार्केट रोड पर ट्रैफिक व्यवस्था एवं मेट्रो कार्य के कारण व्यापारियों और आमजन को हो रही परेशानी के समाधान को लेकर सोमवार, 17 अगस्त को फोस्टा कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में फोस्टा पदाधिकारियों के साथ रघुकुल मार्केट के पदाधिकारी एवं मेट्रो विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मेट्रो विभाग के अधिकृत अधिकारियों ने बताया कि रघुकुल मार्केट के सामने लगाए गए मेट्रो के सपोर्टिव स्ट्रक्चर को अगले 10 से 15 दिनों में हटाने का कार्य किया जाएगा। इसके बाद रघुकुल मार्केट के गेट नंबर 1 और 2 को सुचारु रूप से चालू किया जा सकेगा। इसके अलावा रघुकुल मार्केट रोड पर ट्रैफिक नियंत्रण और यातायात को व्यवस्थित करने के लिए मेट्रो विभाग की ओर से 10 ट्रैफिक मार्शल तैनात करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में फोस्टा अध्यक्ष हंसराज जैन, महामंत्री दिनेश कटारिया, डायरेक्टर सुरेश मोदी, महेंद्र भायल, शिवराज पारिक, अश्विन ठक्कर एवं जिग्नेश भिखड़िया उपस्थित रहे। वहीं रघुकुल मार्केट की ओर से सदस्य संतोषजी एवं मैनेजर भरतभाई तथा मेट्रो विभाग की ओर से बलविंदर सिंह, जेजे माजीजी एवं कमल यादव मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य रघुकुल मार्केट क्षेत्र में व्यापारियों एवं आमजन को हो रही ट्रैफिक समस्या का समाधान कर आवागमन को सुगम और व्यवस्थित बनाना रहा।



