सूरत

सूरत में हंसी के ठहाकों के बीच गूंजी राष्ट्रभक्ति, कवियों ने बांधा समां

सूरत। संघर्षों के बीच भी मुस्कुराते हुए आगे बढ़ना और दिल में देशभक्ति की भावना को जीवंत रखना ही जीवन की असली ताकत है। हास्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि जीवन की कठिन परिस्थितियों से जूझने की ऊर्जा भी देता है। यह बात द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) के अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने सरसाणा स्थित प्लैटिनम हॉल में आयोजित ‘विराट हास्य कवि सम्मेलन’ में कही।

चैंबर और अमृतम फाउंडेशन के संयुक्त आयोजन में देशभर से आए ख्यातनाम कवियों ने हास्य-व्यंग्य, गीत, गजल और ओजस्वी राष्ट्रभक्ति की कविताओं से ऐसा माहौल बनाया कि पूरा सभागार कभी ठहाकों से गूंजा तो कभी देशभक्ति के जज्बे से भर उठा।

साहित्यकारों का सम्मान श्रेष्ठ समाज की पहचान

मुख्य अतिथि स्वास्थ्य राज्यमंत्री प्रफुल्ल पानशेरिया ने कहा कि हास्य और शौर्य मानव मस्तिष्क में समानांतर चलने वाली अनूठी धाराएं हैं। हास्य के पीछे भी स्थिरचित्तता छिपी होती है। जिस समाज में कवियों और साहित्यकारों का सम्मान होता है, वह समाज हमेशा श्रेष्ठ बना रहता है।

उन्होंने भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों से जुड़ी काव्य पंक्तियों तथा हास्य प्रसंगों से भी श्रोताओं को खूब गुदगुदाया।

नारीशक्ति से लेकर राजनीति तक पर तीखे व्यंग्य

पटना की डॉ. तिश्या श्री ने नारीशक्ति के विभिन्न रूपों को अपनी कविता में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी पंक्तियां— ‘सरल है, शांत है… पड़े जो मौका तो वो अंबे-भवानी है’—ने खूब तालियां बटोरीं।

प्रतापगढ़ के पार्थ नवीन ने समकालीन राजनीति और सामाजिक घटनाओं पर चुटीले व्यंग्य प्रस्तुत किए। नेताओं पर कटाक्ष करते हुए उनकी पंक्ति ‘एक नेता कुर्सी को यूं देखता है, जैसे जेठालाल बबीता को देखता है’ सुनते ही सभागार ठहाकों से गूंज उठा। उन्होंने देशप्रेम और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए गीत भी प्रस्तुत किया।

लखनऊ की कविता तिवारी ने वीररस और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रचनाओं से श्रोताओं में देशप्रेम का जोश भर दिया। देवास के शशिकांत यादव ने प्रभावी मंच संचालन और गीतों से पूरे कार्यक्रम में ऊर्जा बनाए रखी।

नई दिल्ली के चिराग जैन ने प्रेम संबंधों और मानवीय स्वभाव पर हास्य-व्यंग्य से श्रोताओं को खूब हंसाया, वहीं अलीगढ़ के डॉ. विष्णु सक्सेना ने मधुर गीतों और गजलों से काव्यप्रेमियों को भावविभोर कर दिया।

उद्योग जगत और शहर के गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में सूरत जिला कलेक्टर तेजस परमार, रूंगटा ग्रुप के चेयरमैन अनिल रूंगटा, जिला सरकारी वकील नयन सुखड़वाला, उद्योगपति सांवरमल बुधिया, चैंबर के मानद मंत्री परेश लाठिया, मानद कोषाध्यक्ष अतुल पटेल, पूर्व अध्यक्ष निखिल मद्रासी सहित शहर के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अमृतम फाउंडेशन के फाउंडर ट्रस्टी कुंज बिहारी पंसारी ने स्वागत एवं प्रसंगिक उद्बोधन किया। कार्यक्रम का औपचारिक संचालन डिंपल मिश्रा ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button