बिजनेसभारत

2,000 बेड वाले अदाणी आरोग्य मंदिर का शिलान्यास, 4,000 करोड़ से अधिक का होगा निवेश

गौतम अदाणी ने 2035 तक पश्चिम बंगाल में 1 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश का रोडमैप किया घोषित

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने गुरुवार को कोलकाता के न्यू टाउन स्थित ‘बंगाल सिलिकॉन वैली टेक हब’ में 2,000 बेड क्षमता वाले ‘अदाणी आरोग्य मंदिर’ का शिलान्यास किया। अदाणी फाउंडेशन की ओर से विकसित किए जाने वाले इस प्रोजेक्ट में 4,000 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश प्रस्तावित है।

51.75 एकड़ में विकसित होने वाले इस हेल्थकेयर कैंपस में मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल के साथ स्टेप-डाउन और ट्रांजिशनल केयर सुविधाएं, मरीजों के परिजनों के लिए ‘मेडिटेल’ और विश्राम गृह भी होंगे। परियोजना से सालाना 2 लाख से अधिक इनडोर और 20 लाख से अधिक आउटडोर मरीजों को सेवाएं मिलने की उम्मीद है। इससे करीब 10,000 रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 1,000 बेड

अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा कि यह विश्वस्तरीय गैर-लाभकारी चिकित्सा संस्थान होगा। अस्पताल के 2,000 बेड में से 1,000 बेड राज्य और केंद्र सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के पात्र आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए उपलब्ध होंगे। पहले चरण में अस्पताल का विशेष फोकस कैंसर उपचार और उन्नत चिकित्सा सेवाओं पर रहेगा।

परिसर में मेडिकल कॉलेज भी विकसित किया जाएगा, जिसमें हर वर्ष 150 स्नातक, 100 से अधिक स्नातकोत्तर और 40 से अधिक सुपर-स्पेशियलिस्ट विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने की योजना है। इसके अलावा नर्सिंग, पैरामेडिकल और संबद्ध स्वास्थ्य शिक्षा के संस्थान भी स्थापित किए जाएंगे।

AI और जीनोमिक्स पर होगा शोध

अदाणी आरोग्य मंदिर में जीनोमिक्स, प्रिसिजन मेडिसिन, बायोमेडिकल इंफॉर्मेटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लिनिकल ट्रायल और अन्य जैव-चिकित्सा क्षेत्रों में शोध की व्यवस्था विकसित की जाएगी। अदाणी फाउंडेशन ने चिकित्सा एवं अकादमिक क्षेत्र में विशेषज्ञता के लिए अमेरिका की मायो क्लिनिक ग्लोबल कंसल्टिंग और सिंगापुर के सिंगहेल्थ के साथ साझेदारी की है।

2035 तक 1 लाख करोड़ से अधिक निवेश का रोडमैप

गौतम अदाणी ने पश्चिम बंगाल को समूह के पूर्वी भारत में विस्तार का प्रमुख केंद्र बताते हुए 2035 तक राज्य में 1 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश का रोडमैप घोषित किया। यह निवेश बंदरगाह, लॉजिस्टिक्स, नवीकरणीय ऊर्जा, बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन व वितरण, सड़क-पुल, ग्रीन सीमेंट और हाइपरस्केल डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यह परियोजना केवल अस्पताल परिसर तक सीमित नहीं होगी, बल्कि एक एकीकृत ‘हेल्थकेयर सिटी’ के रूप में विकसित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे राज्य में मेडिकल टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा।

इसके अलावा अदाणी समूह ने प्रसिद्ध कुमारटुली घाट के जीर्णोद्धार में योगदान देने की घोषणा की है। समूह ने राइटर्स बिल्डिंग के पुनर्स्थापन और कोलकाता की दुर्गा पूजा की कला एवं संस्कृति को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार के साथ दो समझौता ज्ञापन भी किए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button