
सूरत के टेक्सटाइल उद्योग में तकनीकी उन्नयन, ऑटोमेशन और आधुनिक मशीनरी के लिए आयोजित ‘सीटेक्स-2026’ को देशभर से जबरदस्त प्रतिसाद मिल रहा है। द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री तथा सदर्न गुजरात ट्रेड एंड इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में सरसाणा स्थित कन्वेंशन सेंटर में आयोजित तीन दिवसीय एक्सपो के पहले दो दिनों में 16,500 से अधिक बायर्स और विजिटर्स पहुंचे।
दूसरे दिन 12 हजार से अधिक विजिटर्स
चैंबर अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने बताया कि पहले दिन करीब 4,500 विजिटर्स पहुंचे, जबकि दूसरे दिन यह संख्या बढ़कर करीब 12,000 हो गई। उन्होंने कहा कि एक्सपो में हाई-स्पीड लूम्स, ऑटोमेशन और आधुनिक टेक्नोलॉजी से जुड़ी मशीनरी प्रदर्शित की गई है। बड़ी संख्या में उद्योगकारों की उपस्थिति से टेक्सटाइल क्षेत्र में आधुनिक मशीनरी और ऑटोमेशन की ओर बढ़ते रुझान का पता चलता है।
उन्होंने कहा कि देशभर से आए बायर्स के साथ सीधे संपर्क से प्रदर्शकों को संभावित बड़े व्यापारिक सौदों और नए ऑर्डर्स के लिए अवसर मिल रहे हैं। इससे सूरत के टेक्सटाइल इकोसिस्टम को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
देशभर के टेक्सटाइल हब से पहुंचे खरीदार
सीटेक्स-2026 में सूरत और गुजरात के अलावा देश के प्रमुख टेक्सटाइल एवं गारमेंटिंग केंद्रों से उद्योगकार पहुंचे। लुधियाना, अमृतसर, पानीपत, भीलवाड़ा, जोधपुर, वाराणसी, मुंबई, पुणे, इचलकरंजी, मालेगांव, हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, तिरुपुर, कोयंबटूर, इंदौर और नई दिल्ली सहित विभिन्न औद्योगिक केंद्रों से आए प्रतिनिधियों ने एक्सपो का दौरा किया।
आयोजकों के अनुसार, दूरदराज के अंडमान-निकोबार क्षेत्रों से भी खरीदार पहुंचे और आधुनिक मशीनरी में रुचि दिखाई। एक्सपो में एक ही छत के नीचे विश्वस्तरीय मशीनरी, ऑटोमेशन और नई तकनीकों को देखने तथा उनकी खरीद के संबंध में जानकारी लेने का अवसर मिल रहा है।



