
धारावी पुनर्विकास की झलक दिखाएगा एक्सपीरियंस सेंटर, सीएम फडणवीस ने किया उद्घाटन
मुंबई। महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने धारावी एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन किया। सेंटर में प्रस्तावित धारावी टाउनशिप का 3डी वॉकथ्रू, मॉडल घरों और डिजिटल-इंटरैक्टिव प्रदर्शनों के माध्यम से पुनर्विकास योजना की जानकारी दी गई है।
22,500 वर्गफुट में बने इस सेंटर में 350 और 500 वर्गफुट के प्रस्तावित घरों के मॉडल तैयार किए गए हैं। इनमें बिना फर्नीचर और पूरी तरह सुसज्जित दोनों तरह के अपार्टमेंट शामिल हैं, जहां लोग डिजिटल तरीके से प्रवेश कर प्रस्तावित घरों के लेआउट और उपयोग को समझ सकते हैं।
सेंटर में प्रस्तावित आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों, सड़कों, परिवहन संपर्क, सार्वजनिक सुविधाओं और खुले स्थानों का 3डी प्रदर्शन किया गया है। साथ ही धारावी के इतिहास, यहां के कारोबार, कारीगरों और उद्यमशील गतिविधियों को भी इंटरैक्टिव प्रदर्शनों के जरिए दर्शाया गया है।

पुनर्विकास योजना में स्कूल, स्वास्थ्य सुविधाएं, पूजा स्थल, सार्वजनिक परिवहन, उद्यान और अन्य सामाजिक सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। साथ ही रहवासियों के घर और आजीविका के बीच के संबंध को बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है। योजना में विभिन्न परिवहन साधनों को जोड़ने के लिए मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब का प्रस्ताव भी शामिल है।
40 हजार पेड़ और 3.3 किमी रिवरफ्रंट का प्रस्ताव
एक्सपीरियंस सेंटर में मीठी नदी के प्रस्तावित कायाकल्प, धारावी में करीब 40 हजार पेड़ लगाने तथा 3.3 किलोमीटर सार्वजनिक रिवरफ्रंट विकसित करने की योजना भी प्रदर्शित की गई है। इसके अलावा क्षेत्र में पार्क, खुले स्थान और हरित क्षेत्र बढ़ाने का प्रस्ताव है।
धारावी गीत और कॉफी टेबल बुक का विमोचन
मुख्यमंत्री फडणवीस ने धारावी के कलाकारों और कारीगरों की संस्कृति को दर्शाने वाले ‘धारावी गीत’ का अनावरण किया। इसके साथ ही धारावी के 10 लाख से अधिक निवासियों की परंपरा और जीवनशैली को दर्शाने वाली कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया।
सेंटर पर डिजिटल और सहायता सेवाओं के जरिए सर्वेक्षण, पात्रता, दस्तावेजीकरण और पुनर्वास से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि रहवासी पुनर्विकास से संबंधित नियमों और प्रक्रियाओं को समझ सकें।



