
क्राइम फ्री सूरत के लिए पूर्व DGP विक्रम सिंह का मंत्र: पुलिस के साथ जनता की भागीदारी जरूरी
नेशन फर्स्ट’ के राष्ट्र जागरण कार्यक्रम में बोले पूर्व DGP — साइबर क्राइम, हनी ट्रैप, आंतरिक सुरक्षा और Gen Z की जिम्मेदारी पर किया जागरूक
सूरत। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र जागरण एवं सामाजिक जागरूकता को लेकर ‘नेशन फर्स्ट’ की ओर से रविवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। देऊसर माता मंदिर, मेहंदीपुर बालाजी के पास आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक विक्रम सिंह ने ‘क्राइम फ्री सूरत’ विषय पर नागरिकों को अपराधमुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण का मंत्र दिया।
साकेत के स्तंभ विक्रम सिंह शेखावत को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत साकेत के स्तंभ एवं राजस्थान युवा संघ के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय विक्रम सिंह शेखावत को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित सभी गणमान्यजनों एवं नागरिकों ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय विक्रम सिंह शेखावत जी को श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक सेवा एवं संगठन के प्रति समर्पण को याद किया।
इसके पश्चात विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों की राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति एवं हाथों में तिरंगा लेकर निकाली गई तिरंगा यात्रा ने कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति का वातावरण बनाया। विद्यार्थियों ने ‘सुरक्षित सूरत—जिम्मेदार सूरत’ का संदेश दिया।
इसके बाद पूर्व DGP विक्रम सिंह का साकेत के सांवर प्रसाद बुधिया, अनिल रुंगटा , विमल पोदार,आरएसएस के केतन लापसी वाला , नंदकिशोर शर्मा सहित उपस्थित गणमान्यजनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया।
पुलिस के साथ जनता की भागीदारी जरूरी
पूर्व DGP विक्रम सिंह ने कहा कि अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी केवल पुलिस और प्रशासन की नहीं है। आम नागरिकों की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने नागरिकों से कानून का पालन करने, आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सजग रहने तथा आवश्यक जानकारी समय पर पुलिस एवं प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय कानूनी प्रक्रिया में पुलिस का सहयोग करना ही जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है।

साइबर क्राइम और हनी ट्रैप से सतर्क रहने की अपील
पूर्व DGP ने बदलते दौर में साइबर क्राइम और हनी ट्रैप जैसे अपराधों से विशेष रूप से सावधान रहने का संदेश दिय उन्होंने नागरिकों को अनजान लोगों के साथ निजी एवं संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करने, OTP एवं बैंकिंग जानकारी सुरक्षित रखने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने और सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल सुरक्षा आज नागरिक सुरक्षा का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है।
आंतरिक सुरक्षा में नागरिकों की भूमिका महत्वपूर्ण
पूर्व DGP विक्रम सिंह ने देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी नागरिकों को जागरूक किया। बांग्लादेशी घुसपैठ और संदिग्ध पहचान जैसे विषयों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में जागरूक नागरिकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति को केवल भाषा, पहनावे, धर्म या मूल स्थान के आधार पर संदिग्ध नहीं माना जाना चाहिए। यदि किसी व्यक्ति की पहचान या दस्तावेज को लेकर वास्तविक एवं ठोस संदेह हो, तो नागरिक स्वयं कार्रवाई करने के बजाय पुलिस एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना देकर कानूनी प्रक्रिया में सहयोग करें।
पंच परिवर्तन से सामाजिक जागरण का संदेश
कार्यक्रम में संघ के पंच परिवर्तन के माध्यम से सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी एवं नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।
पूर्व DGP ने कहा कि मजबूत राष्ट्र का निर्माण जागरूक नागरिकों, संस्कारित परिवारों और जिम्मेदार समाज से होता है। सामाजिक परिवर्तन की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने परिवार और आसपास के वातावरण से करनी होगी।
Gen Z को दिया राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश
युवा पीढ़ी और Gen Z को विशेष संदेश देते हुए पूर्व DGP ने कहा कि युवाओं के पास तकनीक, ऊर्जा और नई सोच की बड़ी ताकत है। इस शक्ति का उपयोग समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए किया जाना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदार उपयोग करने, फेक न्यूज एवं अफवाहों से बचने, साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने तथा नशे और अपराध से दूर रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा—
“युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति हैं।”
जनसहभागिता से बनेगा सुरक्षित सूरत
साकेत के संस्थापक सांवर प्रसाद बुधिया ने कहा कि ‘क्राइम फ्री सूरत’ केवल एक कार्यक्रम या नारा नहीं, बल्कि सूरत को सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार शहर बनाने का सामूहिक संकल्प है।
उन्होंने कहा—
“जब पुलिस की ताकत के साथ जनता की जागरूकता और सहयोग जुड़ता है, तभी अपराध के खिलाफ लड़ाई मजबूत होती है।”
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से ये गणमान्यजन रहे उपस्थित
कार्यक्रम में सार्वजनिक कॉलेज के वाइस चांसलर किरण पांड्या, ऑटो यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर विराज रादड़िया, ,अशोक टिबरीवाल, शांति वघासिया, वी.के. सोनी, रामावतार पारीक, वीरेंद्र राजावत, ममता भक्कड़ एवं डूंगर सिंह सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
राजस्थान युवा संघ की ओर से गिरधारी राजपुरोहित तथा लघु उद्योग भारती की ओर से राजेंद्र चौधरी, पंकज शर्मा ,महेंद्र पटेल एवं शीशपाल रातूसारिया , अमित खंडेला, किशन शर्मा सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों ने सुरक्षित, जागरूक, संस्कारित एवं अपराधमुक्त सूरत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।



