प्रादेशिक

पीएम मोदी के जन्मदिन पर 1 लाख से ज्यादा लोगों ने किया रक्तदान, बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शनिवार को 15 दिवसीय रक्तदान अभियान की शुरुआत की गई। इसके पहले दिन ही करीब 1 लाख लोगों ने रक्तदान किया और इसके साथ ही एक अनोखा विश्व रिकॉर्ड भी बनाया।

इस बात की जानकारी खुद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने दी है। उन्होंने खुद सफदरजंग अस्पताल के ब्लड बैंक कैंप में भी रक्तदान किया। शनिवार शाम तक 87,137 लोगों ने रक्तदान कर कीर्तिमान स्थापित किया था और रात तक यह आंकड़ा 1 लाख के पार पहुंच गया था।

इससे पहले 6 सितंबर 2014 को अखिल भारतीय तेरापंथ युवा परिषद ने रक्तदान का विश्व रिकॉर्ड बनाया था। उस समय करीब 87,059 लोगों ने रक्तदान किया था। हालांकि, वह रिकॉर्ड प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर टूटा है।

रक्तदान अमृत महोत्सव एक राष्ट्रव्यापी मेगा स्वैच्छिक रक्तदान अभियान है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के मौके पर इसे लॉन्च किया। इस तरह से एकत्रित रक्त को ब्लड बैंक और अन्य संस्थाओं को उपलब्ध कराया जाएगा।

देश में हर 2 सेकेंड में एक मरीज को खून की जरूरत होती है जबकि 2021 के आंकड़ों के मुताबिक हर साल 1.5 करोड़ यूनिट खून की जरूरत होती है। रक्तदान अभियान से देशभर के कई जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button