बिजनेस

सूरत : वैश्विक शिक्षा और स्किल एक्सपो-2026 का कर्टेन रेजर, 11 से 13 दिसंबर तक आयोजन

शिक्षा, उद्योग, स्टार्टअप और स्किल डेवलपमेंट से जुड़े संस्थान एक मंच पर आएंगे

सूरत। दक्षिण गुजरात के विद्यार्थियों और युवाओं को वैश्विक शिक्षा, आधुनिक तकनीक और करियर के नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) की ओर से 11 से 13 दिसंबर 2026 तक ‘ग्लोबल एजुकेशन एंड स्किल एक्सपो-2026’ का आयोजन किया जाएगा। एक्सपो के कर्टेन रेजर कार्यक्रम में वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय (VNSGU) के कुलपति किशोरसिंह चावड़ा और एजुकेशन इंस्पेक्टर डॉ. निहारिका पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

शिक्षा सपनों को साकार करने की चाबी : जीरावाला

चैंबर अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने कहा कि दक्षिण गुजरात व्यापार, उद्योग और नवाचार का प्रमुख केंद्र है। बदलते समय में उद्योगों की प्रगति के लिए युवाओं को वैश्विक शिक्षा और आधुनिक कौशल से लैस करना जरूरी है। शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सपनों को हकीकत में बदलने की चाबी है। मजबूत संकल्प के साथ युवा वैश्विक स्तर पर सफलता हासिल कर सकते हैं।

इंटर्नशिप और स्टार्टअप को बढ़ावा देने पर जोर

VNSGU के कुलपति किशोरसिंह चावड़ा ने कहा कि डिग्री के साथ विद्यार्थियों को औद्योगिक वातावरण का प्रत्यक्ष अनुभव मिलना भी जरूरी है। उन्होंने अंडरग्रेजुएट विद्यार्थियों के लिए सूरत के उद्योगों में इंटर्नशिप के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने, स्टार्टअप को बढ़ावा देने, साइंस फेयर आयोजित करने तथा विश्व स्तर पर उभर रही नई तकनीकों का प्रदर्शन एक्सपो में करने का सुझाव दिया।

शिक्षा-उद्योग के बीच बेहतर तालमेल का प्रयास

चैंबर के ग्रुप चेयरमैन डॉ. विजय रादड़िया ने बताया कि एक्सपो का उद्देश्य विद्यार्थियों, शैक्षणिक संस्थानों, उद्योगों और स्किल डेवलपमेंट से जुड़े संस्थानों को एक मंच पर लाना है। इससे शिक्षा जगत और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा तथा विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी और मार्गदर्शन मिल सकेगा।

कार्यक्रम में चैंबर के मंत्री परेश लाठिया, कोषाध्यक्ष अतुल पटेल, ऑल एग्जिबिशन चेयरमैन मनीष कपाड़िया सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षाविद मौजूद रहे। कार्यक्रम की रूपरेखा एजुकेशनल एंड एकेडमिक कमेटी की चेयरपर्सन डॉ. मोनिका शर्मा ने प्रस्तुत की। संचालन कमेटी के को-चेयरमैन डॉ. निलेश पटेल ने किया। अंत में चैंबर के उपाध्यक्ष रवि राज देसाई ने आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button