गुजरातभारतसूरत

‘सूरत सिर्फ शहर नहीं, एक स्पिरिट है’ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 

सूरत से पीएम मोदी ने दक्षिण गुजरात को दी 18,778 करोड़ की सौगात

सूरत। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सूरत से दक्षिण गुजरात के लिए 18,778 करोड़ की 24 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 4,852 करोड़ की 5 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 13,926 करोड़ की 19 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

सूरत के दीनदयाल उपाध्याय इनडोर स्टेडियम में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि “सूरत केवल एक शहर नहीं, बल्कि एक स्पिरिट है।” कभी प्लेग जैसी महामारी का सामना करने वाला सूरत आज देश में स्वच्छता और ग्रीन एनर्जी का मॉडल बन चुका है।

स्वच्छता को बताया संस्कार पर्व

प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल सफाई का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के स्वस्थ भविष्य के लिए संस्कार पर्व है। उन्होंने सूरतवासियों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि इसी जनभागीदारी ने सूरत को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल किया है।

ग्रीन ग्रोथ में गुजरात की बड़ी भूमिका

मोदी ने कहा कि भारत ‘इकोनॉमी’ और ‘इकोलॉजी’ के संतुलन के साथ ग्रीन ग्रोथ की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि देश की कुल नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में गुजरात का योगदान लगभग 20 प्रतिशत है और भारत आज दुनिया के शीर्ष पांच सौर ऊर्जा उत्पादक देशों में शामिल है।

हजीरा बन रहा ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब

प्रधानमंत्री ने कहा कि हजीरा आज मैरीटाइम हब और रक्षा उत्पादन के वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा है। साथ ही, वडोदरा – मुंबई एक्सप्रेसवे, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और आधुनिक रेलवे नेटवर्क के माध्यम से आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।

सूरत की सर्कुलर वाटर इकोनॉमी की सराहना

प्रधानमंत्री ने सूरत महानगरपालिका के वेस्ट वॉटर ट्रीटमेंट मॉडल की प्रशंसा करते हुए कहा कि गंदे पानी को शुद्ध कर उद्योगों को उपलब्ध कराना पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आगामी ताप्ती बैराज परियोजना से शहर की जल समस्या का दीर्घकालिक समाधान होगा।

गुजरात ग्रीन ग्रोथ और सस्टेनेबल डेवलपमेन्ट के मॉडल के साथ विकसित भारत@2047′ के निर्माण में अग्रणी : मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में गुजरात ‘विकसित भारत@2047’ के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में गुजरात 21 प्रतिशत योगदान के साथ देश में पहले स्थान पर है। ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत राज्य में 2.20 लाख रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं बनाई गई हैं। 2,703 अमृत सरोवरों का निर्माण पूरा हो चुका है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 16.96 करोड़ पौधे लगाए गए हैं।

हर्ष संघवी बोले- वेस्ट वॉटर से सालाना 140 करोड़ की कमाई

उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि सूरत महानगरपालिका देश की एकमात्र ऐसी महानगरपालिका है जो रिसाइकल किए गए पानी को उद्योगों को बेचकर हर वर्ष लगभग 140 करोड़ की आय अर्जित करती है।

सीआर पाटिल ने जल संरक्षण पर दिया जोर

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री के जल संरक्षण अभियान के कारण देश भविष्य की जल चुनौतियों का सामना करने में आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने बताया कि जनभागीदारी से देशभर में 1.55 करोड़ से अधिक जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण किया गया है।

प्रमुख परियोजनाएं

भरूच जिले में 894 करोड़ से अधिक के 6 जीआईडीसी प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण

7,689 करोड़ लागत वाले वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे (पैकेज-6 एवं 7) का लोकार्पण।

भरूच और वलसाड में केमिकल एवं बल्क ड्रग जोन हेतु 1,063 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण।

नवसारी में विश्व के सबसे बड़े डिजिटल सबस्टेशन सहित 4,546 करोड़ की ट्रांसमिशन नेटवर्क विस्तार परियोजना का उद्घाटन।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button