
सूरत : सचिन होम गार्ड यूनिट के प्रकाश कुमार मौर्य ‘कर्म भूषण पुरस्कार 2024’ से सम्मानित
होम गार्ड प्रकाशकुमार मौर्य ने ड्यूटी के दौरान लगभग 40 लापता बच्चों को ढूंढकर उनके माता-पिता से मिलाया
सूरत के होम गार्ड विभाग में उनकी समर्पित और प्रतिबद्ध सेवा के लिए प्रकाश कुमार मौर्य ( सीएसएम रैंक, मुख्यमंत्री पदक विजेता) को अनीश संस्था द्वारा ‘कर्म भूषण पुरस्कार 2024’ से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार उन्हें सत्कार्यो से प्रेरित होकर दिया गया है।
प्रकाश कुमार मौर्य पिछले 18 वर्षों से सचिन होम गार्ड यूनिट में सेवारत हैं। वे न केवल कर्तव्य की जिम्मेदारी निभाते हैं, बल्कि समाज की भलाई के लिए भी उत्साह से काम करते हैं। सचिन पुलिस स्टेशन के सहयोग से वे शहर के स्कूल और स्थानीय इलाकों में लड़कियों के खिलाफ अपराध को रोकने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाते हैं। लापता बच्चों को उनके परिवार से मिलाने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने ड्यूटी के दौरान लगभग 40 लापता बच्चों का पता लगाया और उन्हें उनके माता-पिता से मिलाया। इसके अलावा बुजुर्गों को उनके परिवार से मिलाने में भी महत्वपूर्ण कार्य कर मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है। उन्होंने न केवल गुजरात बल्कि उत्तर प्रदेश में भी सामाजिक गतिविधियों में भाग लेकर नेक काम किया है।
वे सचिन थाना पुलिस के साथ मिलकर शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास करते रहते हैं। प्रकाश कुमार मौर्य को दिया गया यह पुरस्कार उनकी निस्वार्थ सेवा और समर्पित कार्य के लिए दिया गया है। ऐसे कार्यों से समाज में नई प्रेरणा मिलती है और दूसरों को भी जीवन में सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।