
उद्यमी सम्मेलन–2026 में गूँजी उद्योग से राष्ट्र निर्माण की आवाज
लघु उद्योग भारती सूरत द्वारा सफल आयोजन, उत्कृष्ट उद्यमियों का हुआ सम्मान
सूरत, 03 मई 2026। लघु उद्योग भारती (सूरत जिला) द्वारा आयोजित उद्यमी सम्मेलन–2026 का आयोजन आज श्री नरेंद्र पंचासरा भवन, सूरत में उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उद्यमियों, उद्योगपतियों एवं समाज के गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रकाशचंद्र गुप्ता, सांवर प्रसाद बुधिया, दशरथ शेखावत, जॉइंट कमिश्नर उद्योग जे. बी. दवे एवं बलदेवभाई प्रजापत उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि अखिल भारतीय संगठन महामंत्री प्रकाशचंद्र गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि अंग्रेजों और मुगलों के शासनकाल में भारत के लघु उद्योगों को कमजोर किया गया, जबकि एक समय भारत “सोने की चिड़िया” था क्योंकि हर हाथ को रोजगार प्राप्त था और भारत विश्व को वस्त्र उपलब्ध कराता था।
उन्होंने कहा कि लघु उद्योग भारती पिछले 33 वर्षों से लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्योग (MSME) क्षेत्र की आवाज बनकर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ को मजबूत करने का कार्य कर रही है।
प्रकाश जी ने कहा कि आने वाले वर्ष 2026 में अनेक चुनौतियाँ हमारे सामने हैं और हमें उद्योगों के माध्यम से अधिक से अधिक रोजगार सृजन पर ध्यान देना होगा। हमारा समाज सदैव “सर्वे भवन्तु सुखिनः” की भावना से प्रेरित रहा है।
उन्होंने कहा कि कोई भी देश तब महान बनता है जब प्रत्येक देशवासी में देशभक्ति की भावना होती है। उद्योगों में नैतिकता के साथ लाभ अर्जित करना हमारी संस्कृति और परंपरा रही है। MSME क्षेत्र के सशक्तिकरण से ही भारत को पुनः विश्व गुरु बनाया जा सकता है।
उन्होंने उद्यमियों से आह्वान किया कि वे टेक्नोलॉजी एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग कर अपने उद्योगों को वैश्विक स्तर पर स्थापित करें। उन्होंने बताया कि भारत आज सेमीकंडक्टर, रक्षा उपकरण सहित कई नए क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सूरत अध्यक्ष रामावतार पारीक ने बताया कि लघु उद्योग भारती, विक्रम सिंह शेखावत के सपनों को साकार करते हुए कौशल विकास केंद्र खोलने की दिशा में कार्य कर रही है, जिससे प्रवासी एवं जरूरतमंद लोगों को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ा जा सके।
गुजरात अध्यक्ष ईश्वरभाई पटेल ने संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। वहीं वजूभाई वगासिया ने आगामी अक्टूबर माह में आयोजित होने वाले आईआरएफ कार्यक्रम की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान पाँच अभिनंदनीय उद्यमियों (वामपुम सिंटेक्स, गौरी पुत्र, देवश्री, ओल्ज़िन एवं युग फैशन) को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं उद्योग जगत में योगदान के लिए “उत्कृष्ट उद्यमी” सम्मान से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संगठन विस्तार के तहत:
हंसराज जैन (मरुधर केसरी) को संभाग उपाध्यक्ष
राजेंद्र चौधरी एवं विजय मांगुकिया को संभाग मंत्री का दायित्व सौंपा गया।
कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष विनोद सारस्वत, इकाई अध्यक्ष गणपत भाटी, श्याम तावनिया, हरीओम स्वामी के अलावा समाज अग्रणी एवं उद्यमी अशोक शाह, विजय चौमाल, बाबू भाई पालीवाल, गोपाल पारीक, दामोदर कड़ेल, शिव जी पारीक, साजन महर्षि, नंदकिशोर शर्मा, कामना खंडेलवाल एवं चंचल वाचानी की विशेष उपस्थिति रही।
मीडिया प्रभारी शीशपाल स्वामी एवं महेंद्र चौधरी ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की। महामंत्री सतीश सवानी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन वीरेंद्र राजावत द्वारा किया गया।



