
सूरत। दक्षिण गुजरात ट्रैवल एसोसिएशन (SATA) की ओर से दो दिवसीय दक्षिण गुजरात ट्रैवल फेयर (STF-2026) का आयोजन 10 और 11 अगस्त को पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम में किया जा रहा है। एक्सपो का उद्देश्य दक्षिण गुजरात के ट्रैवल एजेंटों, टूर ऑपरेटरों और पर्यटन कारोबार से जुड़े व्यवसायियों को एक मंच उपलब्ध कराना है।
SATA अध्यक्ष मिनेश नायक ने बताया कि एक्सपो में स्थानीय एवं अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल कंपनियों के साथ होटल, ट्रैवल एजेंसियां, टूर ऑपरेटर और छोटे-बड़े ट्रैवल एजेंट हिस्सा ले रहे हैं। ट्रैवल उद्योग से जुड़े लोगों के लिए एक्सपो में प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है।
उन्होंने कहा कि समय और दूरी के कारण दक्षिण गुजरात के छोटे शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों के कई ट्रैवल कारोबारी बड़े शहरों में आयोजित ट्रैवल एक्सपो में शामिल नहीं हो पाते। STF-2026 ऐसे कारोबारियों के लिए स्थानीय स्तर पर नेटवर्किंग और नए व्यावसायिक अवसर हासिल करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

दिवाली से पहले देश-विदेश घूमने का प्लान
दिवाली का प्रमुख त्योहार अगले दो-तीन महीनों में आने वाला है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग देश और विदेश घूमने की योजना बना रहे हैं। एक्सपो में पर्यटकों को विभिन्न कंपनियों के टूर पैकेज, ऑफर और यात्रा विकल्पों की जानकारी एक ही स्थान पर मिलेगी। इससे वे अपनी जरूरत और बजट के अनुसार बेहतर पैकेज का चयन कर सकेंगे।
मिनेश नायक ने शहरवासियों से स्थानीय और विश्वसनीय ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से बुकिंग कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग की तुलना में स्थानीय एजेंट पोस्ट-बुकिंग सहायता और व्यक्तिगत मार्गदर्शन उपलब्ध करा सकते हैं।
उन्होंने यात्रियों को किसी भी पैकेज की बुकिंग से पहले अलग-अलग एजेंटों से जानकारी लेने की सलाह दी। यदि कोई कंपनी सामान्य कीमत से आधे से भी कम कीमत में पैकेज देने का दावा करती है तो यात्रियों को सावधानी बरतनी चाहिए और ऑफर की सभी शर्तों की जांच करने के बाद ही बुकिंग करनी चाहिए।
विदेश यात्रा अब बनी आम पसंद: पूर्णेश मोदी
ट्रैवल एक्सपो के उद्घाटन अवसर पर पूर्णेश मोदी ने कहा कि आधुनिक तकनीक और बदलती जीवनशैली ने लोगों के यात्रा करने के तरीके और सोच में बड़ा बदलाव किया है। पहले लोग मुख्य रूप से घरेलू पर्यटन स्थलों तक सीमित रहते थे, लेकिन अब विदेश यात्रा भी आम होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि आज पर्यटकों के सामने दुनिया भर में घूमने के अनेक विकल्प मौजूद हैं और कई देशों की अर्थव्यवस्था पर्यटन पर काफी निर्भर है। ऐसे में पर्यटन उद्योग वैश्विक अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

पूर्णेश मोदी ने कहा कि ट्रैवल एक्सपो जैसे आयोजन पर्यटकों और ट्रैवल इंडस्ट्री के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं। एक ही मंच पर पर्यटन स्थल, होटल, कंपनियां, टूर पैकेज और यात्रा सेवाओं की जानकारी मिलने से यात्रियों के लिए अपनी यात्रा की योजना बनाना आसान हो जाता है।
STF-2026 के जरिए दक्षिण गुजरात के ट्रैवल प्रोफेशनल्स और पर्यटकों को स्थानीय से लेकर अंतरराष्ट्रीय पर्यटन तक के विभिन्न विकल्प एक ही मंच पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।



