
द रेडियंट वर्ल्ड स्कूल में गोजु रियो ओकिनावनकान स्टेट कराटे चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन
पांच जिलों के 160 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दम, जापान से आए सेंसेई जुन्या ताकाहाशी ने किया उद्घाटन
सूरत। युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से द रेडियंट वर्ल्ड स्कूल, नरथाण (सूरत) में गोजु रियो ओकिनावनकान स्टेट कराटे चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन किया गया। राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में सूरत, अहमदाबाद, नवसारी, भरूच और बारडोली सहित पांच जिलों के विभिन्न प्रतिष्ठित स्कूलों के करीब 160 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि के रूप में जापान से पधारे सेंसेई जुन्या ताकाहाशी उपस्थित रहे। वे कराटे में द्वितीय डैन ब्लैक बेल्ट धारक अनुभवी कोच हैं तथा शोतोकान कराटे के पूर्व चैंपियन खिलाड़ी भी रह चुके हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ से पहले उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और समर्पण का महत्व बताते हुए प्रेरक संबोधन दिया तथा इसके बाद प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
चैंपियनशिप में आयु वर्ग के अनुसार अंडर-6, अंडर-8, अंडर-10, अंडर-12, अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए गए। विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों के हाथों पदक एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
द रेडियंट वर्ल्ड स्कूल का पदक प्रदर्शन (मेडल टैली)
अंडर-8 (20 किग्रा): 1 स्वर्ण, 1 रजत, 3 कांस्य
अंडर-8 (25 किग्रा): 1 स्वर्ण, 1 कांस्य
अंडर-8 (30 किग्रा): 2 स्वर्ण, 1 रजत, 2 कांस्य
अंडर-12 (25 किग्रा): 1 रजत, 1 कांस्य
अंडर-12 (30 किग्रा): 1 रजत, 1 कांस्य
अंडर-12 (35 किग्रा): 1 स्वर्ण, 1 कांस्य
अंडर-12 (+35 किग्रा): 1 स्वर्ण
अंडर-14 (50 किग्रा): 1 रजत
अंडर-17 (बालक): 1 स्वर्ण
कार्यक्रम के अंत में द रेडियंट वर्ल्ड स्कूल के संचालक किशनभाई मांगुकिया तथा कराटे एसोसिएशन की ओर से सभी सहभागी विद्यालयों, प्रशिक्षकों और विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल संस्कृति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।



