धर्म- समाज

सूरत में इस्कॉन हरे कृष्ण मूवमेंट द्वारा निकली भव्य जगन्नाथ रथ यात्रा, उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

सूरत के पर्वत पाटिया क्षेत्र में रविवार को इस्कॉन हरे कृष्ण मूवमेंट (ISKCON Hare Krishna Movement) द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य एवं दिव्य रथ यात्रा का आयोजन किया गया। रोहिणी नंदन दास प्रभुजी के मार्गदर्शन में आयोजित यह रथ यात्रा सायं 5:00 बजे अक्षय पात्र फाउंडेशन परिसर से प्रारंभ होकर रात्रि 8:00 बजे तक श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुई।

इस अवसर पर हरे कृष्ण मूवमेंट, बड़ौदा से पधारे प्रताप रुद्र प्रभुजी विशेष रूप से उपस्थित रहे। रथ यात्रा में 500 से अधिक श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं माता सुभद्रा के रथ की डोरी खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

यात्रा के मार्ग में विभिन्न सोसायटियों, सामाजिक संगठनों एवं श्रद्धालुओं ने रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया। अनेक स्थानों पर भगवान की आरती उतारी गई, पुष्प वर्षा की गई तथा प्रसाद का वितरण किया गया। संपूर्ण यात्रा के दौरान “हरे कृष्ण” महामंत्र के संकीर्तन और मधुर भजनों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

इस अवसर पर राजस्थान युवा संघ के उपाध्यक्ष रामावतार पारीक, पार्षद अशोक शाह तथा एसटीएम मार्केट के नवनिर्वाचित विजयी प्रतिनिधि किशन सिंह झाला विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने भगवान श्री जगन्नाथ के रथ की पूजा-अर्चना कर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की तथा इस्कॉन हरे कृष्ण मूवमेंट द्वारा आयोजित इस भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन की सराहना की।

रथ यात्रा के समापन पर अक्षय पात्र फाउंडेशन परिसर में श्रद्धालुओं के लिए भव्य महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें सभी भक्तों ने प्रेमपूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया। इस्कॉन हरे कृष्ण मूवमेंट के सेवादारों, स्थानीय नागरिकों एवं सहयोगियों के समर्पित प्रयासों से पूरा आयोजन अत्यंत शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि श्री जगन्नाथ रथ यात्रा केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि प्रेम, सेवा, भाईचारे, मानवता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम है। भगवान श्री जगन्नाथ की कृपा से समाज में सद्भाव, एकता और सेवा की भावना निरंतर बढ़े, यही इस आयोजन का मूल उद्देश्य है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button