सूरत

सूरत : न्यू सिविल अस्पताल में डिजिटल पेमेंट की शुरुआत, मरीजों का इंतजार होगा कम

ऑपरेशन, सीटी स्कैन समेत 11 काउंटरों पर ऑनलाइन भुगतान सुविधा लागू

सूरत। न्यू सिविल अस्पताल ने मरीजों की सुविधा के लिए डिजिटल पेमेंट प्रणाली शुरू कर दी है। अब मरीज ऑपरेशन, सीटी स्कैन और अन्य चिकित्सा सेवाओं की फीस ऑनलाइन जमा कर सकेंगे, जिससे रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज होगी और लंबी कतारों से राहत मिलेगी।

अस्पताल प्रशासन ने मरीजों के समय की बचत और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की है। आरएमओ डॉ. केतन नायक, उपाड अधिकारी सतीश पटेल और आरकेएस मैनेजर गणेश पटेल के सुझाव पर मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. पारुल वडगामा के मार्गदर्शन में डिजिटल भुगतान व्यवस्था लागू की गई है।

अस्पताल के कुल 11 काउंटरों पर यह सुविधा शुरू की गई है। इनमें किडनी बिल्डिंग की केस बारी, ट्रॉमा सेंटर, सीटी स्कैन डेस्क, ईसीजी डेस्क, एआरवी डेस्क, लेबोरेटरी रजिस्ट्रेशन, आरएमओ कार्यालय, ओपीडी रजिस्ट्रेशन तथा स्टेमसेल बिल्डिंग सहित अन्य प्रमुख काउंटर शामिल हैं।

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में तेजी आएगी, मरीजों का इंतजार कम होगा और उपचार समय पर शुरू किया जा सकेगा। इससे अस्पताल की सेवाएं अधिक पारदर्शी, सुविधाजनक और आधुनिक बनेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button