
सूरत। भारी बारिश के कारण स्थगित की गई सूरत महानगरपालिका की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं का नया कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। मनपा ने उम्मीदवारों से संशोधित तिथियों के अनुसार परीक्षा की तैयारी करने और आधिकारिक भर्ती डैशबोर्ड पर नियमित रूप से अपडेट देखने की अपील की है।
बारिश के चलते 26 जुलाई को स्थगित की गई लेबोरेटरी टेक्नीशियन तथा तृतीय श्रेणी क्लर्क (ऑडिट) की लिखित परीक्षा अब 2 अगस्त 2026 को सूरत में आयोजित होगी।
वहीं, गुजरात अर्बन हेल्थ प्रोजेक्ट के तहत फार्मासिस्ट पद की लिखित परीक्षा, जो पहले 25 जुलाई को अहमदाबाद में प्रस्तावित थी और तकनीकी कारणों से रद्द कर दी गई थी, अब 16 अगस्त 2026 को सूरत में आयोजित की जाएगी।
मनपा के अनुसार, परीक्षा के सिलेबस और दिशा-निर्देशों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। परीक्षा केंद्र, समय और बैठने की व्यवस्था संबंधी जानकारी उम्मीदवारों को ऑनलाइन कॉल लेटर के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही सभी अभ्यर्थियों को एसएमसी के रिक्रूटमेंट डैशबोर्ड पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहने की सलाह दी गई है।



