
माहेश्वरी लक्जरिया ट्रस्ट की वार्षिक साधारण सभा, ट्रस्ट की नई कार्यकारिणी गठित
श्याम राठी लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए, ट्रस्ट मंडल के 28 सदस्यों का भी निर्विरोध निर्वाचन
सूरत। माहेश्वरी लक्जरिया (माहेश्वरी सेवा सदन), पर्वत पाटिया, सूरत की वार्षिक साधारण सभा एवं नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर आयोजित बैठक सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। चुनाव अधिकारी हरिशंकर तोषनीवाल, रामकिशोर जाजू एवं रामप्रकाश झंवर के नेतृत्व में 30 अगस्त को चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। समाजबंधुओं की आपसी सहमति एवं एकजुटता के चलते सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
बैठक का शुभारंभ भगवान महेश की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। ट्रस्ट के सचिव शैलेश चांडक ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए ट्रस्ट द्वारा किए गए सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा कार्यों की जानकारी दी। रिपोर्ट को सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सर्वसम्मति से पारित किया। कोषाध्यक्ष श्याम झंवर ने वर्षभर का आय-व्यय एवं लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे भी सभा ने सर्वसम्मति से पारित किया।
नई कार्यकारिणी में श्याम राठी को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। वहीं शैलेश चांडक एवं त्रिलोकचंद गांधी को उपाध्यक्ष, अशोक बाहेती को सचिव, मुकेश राठी को सह सचिव, श्याम झंवर को कोषाध्यक्ष तथा जेठमल राठी को सह कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही ट्रस्ट मंडल के 28 सदस्यों का भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्याम राठी ने समाज द्वारा पुनः जताए गए विश्वास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई टीम समाजहित, सेवा कार्यों, सामाजिक गतिविधियों तथा माहेश्वरी समाज की एकता एवं विकास को प्राथमिकता देगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से मिल-जुलकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ट्रस्ट मंडल के सदस्यों एवं समाज के वरिष्ठजनों ट्रिब्यूनल ऑफिसर भागीरथ बिहानी, अखिल भारतीय विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री बजरंगलाल बांगड़ा, गजानंद राठी, मुरली सोमानी, श्याम भंडारी, विनोद बिहानी, अशोक कोठारी, रामरतन भूतड़ा, रमाकांत कासट एवं शंकरलाल सोमानी सहित समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वरिष्ठजनों एवं समाजबंधुओं ने श्याम राठी सहित पूरी नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी समाजसेवा एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करेगी।



