
सूरत: वेसु में लोकमान्य तिलक मंडल की 22 फीट ऊंची पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमा बनेगी आकर्षण का केंद्र
11 दिनों में महाप्रसाद, भोजन सेवा, नि:शुल्क संपूर्ण स्वास्थ्य जांच, दवाइयों का वितरण और मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे
सूरत। वेसु में इस वर्ष लोकमान्य तिलक गणेश उत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। Happy एक्सेलेंसिया के सामने बालर फार्म में करीब 40 हजार वर्गफुट के परिसर में 11 दिवसीय उत्सव आयोजित होगा। आयोजकों के अनुसार, उत्सव में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं और आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है।
उत्सव का मुख्य आकर्षण टीश्यू पेपर से तैयार 22 फीट ऊंची पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमा होगी। प्रतिमा को रॉयल सिंहासन पर विराजमान किया गया है। चांदी के आभूषणों पर सोने की वर्क से प्रतिमा का श्रृंगार किया जाएगा। प्रसिद्ध मूर्तिकार सिद्धेश दिघोले ने प्रतिमा तैयार की है।
12 सितंबर की रात 8 बजे भव्य आगमन यात्रा निकाली जाएगी। इसमें ड्रोन शो मुख्य आकर्षण रहेगा। इसके साथ संगीतकार उमेश बारोट, राज गढ़वी और किट्टू सिंह प्रस्तुति देंगे।
11 दिन सेवा और जागरूकता का संदेश
आयोजकों के अनुसार उत्सव को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा गया है। 11 दिनों में महाप्रसाद, भोजन सेवा, नि:शुल्क संपूर्ण स्वास्थ्य जांच, दवाइयों का वितरण और मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। वृद्धाश्रमों के लिए विशेष सेवा, अनाथालय के बच्चों के लिए विशेष दर्शन तथा दिव्यांग और विशेष बच्चों के लिए भी व्यवस्थाएं की जाएंगी।
इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण, ट्रैफिक नियम, सार्वजनिक सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और ड्रग्स के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी।

सुरक्षा और पर्यावरण पर विशेष जोर
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित मौजूदगी को देखते हुए पुलिस विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक व्यवस्था की जाएगी।
आयोजकों के मुताबिक, उत्सव का प्रस्तावित खर्च 6 करोड़ रुपए से अधिक है। आयोजन में सेवा, चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षा, सजावट, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किया जाएगा। आयोजकों का संदेश है—“दर्शन के साथ सेवा, उत्सव के साथ संस्कृति और भव्यता के साथ जिम्मेदारी।”



